काशी को बनाना है आईटी हब, युवा जॉब सीकर नहीं जॉब गिवर बनें : नितिन नवीन
भाजपा अध्यक्ष ने महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में जेन-जी से किया संवाद
नितिन नवीन बोले- युवाओं के सुझाव और दिशा से बनेगा उत्तम प्रदेश
काशी को आईटी हब बनाने का सरकार को देंगे सुझाव, भारत को एआई का बड़ा हब बनाने पर जोर
हायर एजुकेशन को रोजगार और स्किल से जोड़ने की जरूरत, सोशल मीडिया के फेक कंटेंट से सावधान रहें युवा
मैनपावर को स्किल पावर में बदलने पर जोर, युवाओं से संवाद के जरिए उनके सुझाव सरकार तक पहुंचाने का भरोसा
वाराणसी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपने दो दिवसीय काशी दौरे के दूसरे दिन गुरुवार को श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इसके बाद ताज होटल में विशिष्टजनों के साथ बनारसी जलेबी-कचौड़ी का स्वाद लिया। इसके बाद वह महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के गांधी अध्ययनपीठ में आयोजित ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम में पहुंचे। यहां उन्होंने जेन-जी के युवाओं से सीधे संवाद करते हुए प्रदेश और देश के विकास को लेकर उनके सुझाव सुने।
‘उत्तम प्रदेश’ बनाने के लिए युवाओं से मांगे सुझाव
नितिन नवीन ने कहा कि उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश कैसे बनाया जाए, इसी उद्देश्य से युवाओं से संवाद किया जा रहा है। युवा साथी उन्हें सुझाव और दिशा दें। उन्होंने कहा कि युवाओं के मन में भावनाएं बहुत सुलझी होती हैं और वे किसी को देखकर अपनी राय नहीं बनाते, बल्कि अपने अनुभव और सोच के आधार पर निर्णय लेते हैं।

‘अल्फा, बीटा, गामा के चक्कर में नहीं पड़ेंगे’
छात्राओं से संवाद करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि युवाओं को अलग-अलग वर्गों में बांटने की जरूरत नहीं है। युवा तो युवा हैं। उन्होंने कहा कि अल्फा, बीटा, गामा और अन्य वर्गीकरण के चक्कर में युवाओं को नहीं फंसने दिया जाएगा। ये सभी युवा भारत हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस समय लखनऊ में हैं, उनकी बातों और सुझावों को मुख्यमंत्री तक पहुंचाया जाएगा।

युवाओं ने शिक्षा और विकास पर पूछे सवाल
काशी विद्यापीठ की तृतीय वर्ष की छात्रा सृष्टि दुबे ने हायर एजुकेशन को लेकर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत की बात होती है, लेकिन उच्च शिक्षा के युवाओं को कई बार सिर्फ डिग्री हासिल करने तक सीमित कर दिया जाता है। उन्होंने पूछा कि युवाओं के संपूर्ण विकास के लिए प्रदेश सरकार की क्या योजना है।

एक छात्र ने सवाल किया कि भारत को 2047 तक विकसित बनाने का लक्ष्य क्यों रखा गया है, 2026 तक ही देश विकसित क्यों नहीं हो सकता? क्या इसके लिए युवाओं की सोच और माइंडसेट में बदलाव जरूरी नहीं है?

काशी को आईटी हब बनाने पर जोर
नितिन नवीन ने कहा कि पीढ़ी परिवर्तन को समझना होगा। अमेरिका और चीन ने अपनी अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाया है। उन्होंने कहा कि भारत में पांच साल की सरकार और पंचवर्षीय योजनाओं के साथ विकास की दिशा तय होती है। उन्होंने कहा कि काशी में आईटी क्षेत्र की अपार संभावनाएं हैं। नोएडा और लखनऊ की तरह काशी को भी आईटी हब बनाने का सुझाव सरकार के सामने रखा जाएगा।

स्टार्टअप से रोजगार तक युवाओं पर फोकस
नितिन नवीन ने कहा कि देश में ढाई लाख से अधिक स्टार्टअप युवाओं की रचनात्मक क्षमता का उदाहरण हैं। भारत का युवा केवल जॉब सीकर नहीं, जॉब गिवर बनेगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भारत को एआई का बड़ा हब बनाना है। युवाओं को अपनी विरासत पर गर्व करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था में सुधार के साथ रोजगार और विकास के नए अवसर बढ़ रहे हैं।

उन्होंने मेडिकल सपोर्ट सिस्टम मजबूत करने, शिक्षा को भीड़ बढ़ाने के बजाय भविष्य के रोजगार से जोड़ने और मैनपावर को स्किल पावर में बदलने पर जोर दिया। युवाओं से सोशल मीडिया पर फेक कंटेंट से सावधान रहने और किसी भी जानकारी पर विश्वास करने से पहले उसकी सच्चाई जांचने की अपील की।

युवा वोट बैंक नहीं, विकास का इंजन : पंकज चौधरी
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि युवा वोट बैंक नहीं, बल्कि देश की प्रगति का इंजन है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीवन यह संदेश देता है कि पद कोई भी हो, सेवा की भावना बनी रहनी चाहिए। उन्होंने युवाओं को आगे बढ़ने का मंत्र देते हुए कहा- ‘वी विल डू इट।’







