मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद विश्वनाथ धाम में काशीवासियों के लिए खुला काशी द्वार 

WhatsApp Channel Join Now

दो दिन में काशी के 13,884  नागरिकों ने विशेष द्वार से जाकर किया बाबा का दर्शन 

नई व्यवस्था से प्रसन्न काशीवासियों ने सीएम योगी का जताया आभार

बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए अब लाइन में नहीं लगेंगे काशीवासी, दिखाना होगा पहचान पत्र 

2024 से काशी द्वार से प्रतिदिन सुबह-शाम 4 से 5 बजे तक थी विशेष दर्शन की व्यवस्था, अब मिला विस्तार 

वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेश के बाद काशीवासियों के लिए श्री काशी विश्वनाथ मंदिर का काशी द्वार पूरे दिन के लिए खोल दिया गया है। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास द्वारा काशीवासियों की सुविधा के लिए 2024 में द्वार संख्या 4-बी को "काशी द्वार" के रूप में चिह्नित किया गया था, जहां पहले सुबह-शाम प्रतिदिन 4 से 5 बजे तक विशेष दर्शन की व्यवस्था थी। अब इसे विस्तार देते हुए पूरे दिन के लिए खोल दिया गया है। इस द्वार से प्रवेश के लिए काशीवासियों को स्थानीय पते का पहचान पत्र दिखाना होगा। 

123

काशीवासियों को अब बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए लाइन में नहीं लगना पड़ेगा। योगी सरकार ने बनारसवासियों के लिए काशी द्वार से सीधे बाबा के चौखट तक जाने का रास्ता खोल दिया है, जिससे काशीवासी हर्षित हैं। धाम के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्व भूषण मिश्र ने बताया कि काशीवासियों के लिए प्रातः 4:15 बजे से रात्रि 10:45 बजे तक (मंदिर खुलने के 15 मिनट बाद से मंदिर बंद होने के 15 मिनट पूर्व तक) 4-बी को "काशी द्वार" से प्रवेश की व्यवस्था की गई है। यह सुविधा विशेष तिथियों एवं पर्व दिवसों पर लागू नहीं होगी। इस विस्तारित व्यवस्था के प्रथम दिन 08 जुलाई 2026 को कुल 8,688 तथा 09 जुलाई को दोपहर 1:30 बजे तक 5,196 काशीवासियों ने इस विशेष द्वार से जाकर बाबा का दर्शन किया।

वर्जन 


भीड़ के कारण बाबा का दर्शन बहुत मुश्किल से हो पाता था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने काशी वालों की आवाज सुन ली है, जिससे बाबा विश्वनाथ का दर्शन पहले की ही तरह जब भी चाहेंगे, आसानी से हो जाएगा। 
संगीता गौरव, स्थानीय निवासी

श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के पुनरुद्धार के बाद श्रद्धालुओ की संख्या कई गुना बढ़ जाने से स्थानीय लोगों को दर्शन करने में कई घंटे लग जाते थे, जिससे कारोबार भी प्रभावित होता था। अब काशीवासियों के लिए यह सुविधा बाबा के वरदान से कम नहीं है। 
रितेश राय, स्थानीय निवासी

हम लोगों का व्यवसाय मंदिर क्षेत्र के आस-पास है। दर्शन के लिए कतार में लगने पर आधा दिन चला जाता था। अब योगी जी द्वारा काशीवासियों के लिए विशेष द्वार की व्यवस्था की गई है, जिससे हम सभी बाबा के भक्त प्रसन्न हैं। 
आनंद सेठ, काशीवासी

Share this story