दुनिया को लुभा रही काशी, एक साल में 11 करोड़ से अधिक पर्यटक आए

kashi vishwanth
WhatsApp Channel Join Now

- 2024 में 11 करोड़ 97 हजार 743 पर्यटक आए काशी 


- 2023 की तुलना में 18.68 फीसदी अधिक है आंकड़ा
 

- विदेशी पर्यटकों की संख्या में 34.85 फीसदी की हुई वृद्धि
 

- काशी विश्वनाथ धाम और देव दीपावली आकर्षण के केंद्र 
 

- काशी में पर्यटन उद्योग को मिला बल, कई गुना बढ़ी आय

वाराणसी। धर्म और आध्यात्म की नगरी काशी पूरी दुनिया को लुभा रही है। श्री काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के निर्माण के बाद वाराणसी में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या कई गुना बढ़ गई है। इस बार महाकुंभ का असर काशी में भी खूब रहा। करोड़ों की तादाद में तीर्थयात्री प्रयागराज महाकुंभ के बाद काशी पहुंचे। वैसे, महाकुंभ से पहले भी काशी में पर्यटकों की भीड़ रही। 2024 में 11 करोड़ 97 हजार 743 पर्यटक काशी आए। यह आंकड़ा 2023 की तुलना में 18.68 फीसदी अधिक है।

पर्यटन विभाग के अधिकारियों के अनुसार 2023 में वाराणसी में कुल 8 करोड़ 94 लाख 73 हजार भारतीय और विदेशी पर्यटक आए, लेकिन अगले साल यह आंकड़ा 11 करोड़ को पार कर गया। 2024 में 11 करोड़ 97 हजार 743 सैलानियों ने काशी का रूख किया। वाराणसी में विदेशी पर्यटकों की संख्या में भी 34.85 फीसदी की वृद्धि हुई है। 

श्री काशी विश्वनाथ कॉरिडोर और देव दीपावली का आयोजन पर्यटकों और श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का सबसे बड़ा केंद्र है। सावन में देश भर से श्रद्धालु बाबा विश्वनाथ का दर्शन करने पहुंचते हैं। वहीं देव दीपावली के अद्भुत आयोजन का साक्षी बनने के लिए पूरी दुनिया से सैलानियों की भीड़ काशी में उमड़ती है। 

हाल के वर्षों में काशी के पर्यटन उद्योग को विस्तार मिली है। इसका लाभ न सिर्फ सरकार को हो रहा, बल्कि स्थानीय निवासियों को भी मिल रहा है। पर्यटन विभाग की ओर से काशी के अन्य तीर्थ स्थलों और पौराणिक महत्व वाले स्थानों के सुंदरीकरण और ब्रांडिंग की पहल की जा रही है।

Share this story