कदंब की डाल से गंगा में कूदे कान्हा, कालिया नाग का किया मान मर्दन, ऐतिहासिक नाग नथैया लीला के साक्षी हुए देश-विदेश से पहुंचे श्रद्धालु 

WhatsApp Channel Join Now

तुलसी घाट पर 500 साल पुरानी नाग नथैया लीला का भव्य मंचन, श्रीकृष्ण के दर्शन को उमड़ा आस्था का सैलाब

चार-पांच घंटे पहले ही घाटों पर जुटने लगे थे श्रद्धालु, कालिया नाग के फन पर बांसुरी बजाते नटखट कन्हैया का अलौकिक रूप देख भावविभोर हुए भक्त

ऐतिहासिक नाग नथैया लीला देखने काशी से लेकर विदेश तक के श्रद्धालु पहुंचे 

वाराणसी। काशी की सांस्कृतिक चेतना में कुछ परंपराएं ऐसी रची-बसी हैं, जिनके सामने समय भी नतमस्तक नजर आता है। नाग नथैया उन्हीं अनूठी परंपराओं में से एक है। शुक्रवार को तुलसी घाट पर जब कदंब की डाल से कान्हा ने गंगा की लहरों में छलांग लगाई और कुछ ही पलों बाद कालिया नाग के फन पर सवार होकर प्रकट हुए तो लगा मानो पांच सौ वर्ष पुरानी परंपरा के साथ द्वापर युग भी काशी के आंगन में उतर आया हो। गंगा की लहरें यमुना का आभास कराने लगीं और पूरा घाट श्रीकृष्ण तथा हर-हर महादेव के जयघोष से गुंजायमान हो उठा। इस अद्भुत क्षण का साक्षी बनने के लिए लाखों श्रद्धालु उमड़े। तुलसी घाट से लेकर अस्सी, गंगा महल और रीवा घाट तक श्रद्धालुओं की ऐसी भीड़ जुटी कि तिल रखने तक की जगह नहीं बची। लोग चार से पांच घंटे पहले ही घाटों पर पहुंचकर अपने आराध्य के दर्शन की प्रतीक्षा में बैठ गए थे।

123

कालिया के फन पर कन्हैया, गंगा में दिखी यमुना की छवि
लीला का सबसे रोमांचक क्षण तब आया, जब बाल स्वरूप में भगवान श्रीकृष्ण अपने सखाओं के साथ फूलों की गेंद से खेलते-खेलते उसे गंगा में गिरा देते हैं। गेंद निकालने के लिए कान्हा कदंब के वृक्ष पर चढ़ते हैं और फिर देखते ही देखते गंगा की लहरों में छलांग लगा देते हैं। कुछ क्षणों के इंतजार के बाद कालिया नाग के फन पर सवार होकर भगवान श्रीकृष्ण जल से बाहर प्रकट होते हैं। नाग के फन पर विराजमान कान्हा का यह मनोहारी दृश्य देखते ही श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर पहुंच जाता है। घाट पर मौजूद हजारों हाथ एक साथ भगवान के अभिनंदन में उठ जाते हैं। जय श्रीकृष्ण और हर-हर महादेव के उद्घोष से वातावरण भक्तिमय हो जाता है। ऐसा प्रतीत होता है, मानो गंगा की धारा में यमुना का अवतरण हो गया हो और कलियुग में द्वापर की लीला साकार हो उठी हो।

123

काशीराज परिवार ने निभाई सदियों पुरानी परंपरा
इस ऐतिहासिक आयोजन में काशीराज परिवार के प्रतिनिधि डॉ. अनंत नारायण सिंह ने भी सहभागिता की। उन्होंने परंपरा का निर्वहन करते हुए भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप के दर्शन किए। काशी राजपरिवार की ओर से इस लीला में शामिल होने की परंपरा सदियों से निभाई जाती रही है। लीला के दौरान राजपरिवार की उपस्थिति आयोजन की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को भी रेखांकित करती रही।

123

30 साल बाद लौटीं तो बचपन की स्मृतियां हुईं जीवंत
नाग नथैया का आकर्षण सिर्फ काशीवासियों तक सीमित नहीं है। देश-विदेश में रहने वाले लोग भी इस लीला के दर्शन के लिए खिंचे चले आते हैं। ऑस्ट्रेलिया में रहने वाली वाराणसी की रानी वर्मन करीब 30 साल बाद इस लीला को देखने पहुंचीं। उन्होंने बताया कि बचपन में उन्होंने नाग नथैया देखा था। लंबे अंतराल के बाद एक बार फिर इस आयोजन का हिस्सा बनने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि यहां पहुंचते ही सब कुछ अपना-अपना सा लगने लगता है। दुनिया में ऐसी अनूठी लीला कहीं और देखने को नहीं मिलती। कुछ क्षणों के इस आयोजन के लिए लोग घंटों इंतजार करते हैं। भगवान श्रीकृष्ण के गंगा से प्रकट होने का दृश्य देखकर ऐसा लगा, मानो वह सचमुच सामने आ गए हों। यह उनके लिए बेहद अलौकिक अनुभव रहा।

123

श्रद्धालु सोनू झा ने बताया कि नाग नथैया काशी की बेहद पुरानी परंपरा है और इसे लक्खा मेले में शामिल किया जाता है। देश ही नहीं, विदेशों से भी लोग इस लीला को देखने आते हैं। श्रद्धालु इस दृश्य को अपने कैमरों में कैद करने के साथ ही यादों में भी संजो लेते हैं। उन्होंने कहा कि जब कान्हा गंगा में छलांग लगाकर कालिया नाग के फन पर नृत्य करते हुए दर्शन देते हैं तो पूरा वातावरण कृष्णमय हो जाता है।

123

तुलसीदास ने करीब 500 वर्ष पूर्व शुरू कराई थी परंपरा
नाग नथैया लीला की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि भी उतनी ही विशिष्ट है, जितना इसका मंचन। मान्यता है कि कार्तिक शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि पर गोस्वामी तुलसीदास ने करीब 500 वर्ष पूर्व तुलसी घाट पर इस लीला की शुरुआत कराई थी। तब से यह परंपरा निरंतर चली आ रही है। संकट मोचन मंदिर के महंत प्रो. विश्वम्भरनाथ मिश्र के अनुसार, यह लीला काशी की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान बन चुकी है और आज विश्वभर में प्रसिद्ध है।

123

उन्होंने बताया कि पौराणिक मान्यता के अनुसार, द्वापर युग में कालिया नाग के विष से यमुना का जल दूषित हो गया था। तब भगवान श्रीकृष्ण ने कालिया नाग का मर्दन कर उसे यमुना छोड़कर जाने का आदेश दिया था। नाग नथैया लीला इसी प्रसंग को जीवंत करती है। इसमें भगवान श्रीकृष्ण का उद्देश्य कालिया नाग का वध करना नहीं, बल्कि यमुना को उसके विषैले प्रभाव से मुक्त कराना था।

123

हर साल काशी की सांस्कृतिक विरासत से जुड़ता है नया अध्याय
पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय भी लीला के दर्शन के लिए पहुंचे। उन्होंने कहा कि गोस्वामी तुलसीदास द्वारा करीब 500 वर्ष पूर्व शुरू कराई गई यह परंपरा आज भी पूरी आस्था और श्रद्धा के साथ निभाई जा रही है। संकट मोचन महंत की कृपा से यह आयोजन निरंतर जारी है। काशी के राजपरिवार सहित बड़ी संख्या में लोग हर साल इस लीला में सहभागी बनते हैं।

123

नाग नथैया की खासियत यही है कि कुछ क्षणों का यह मंचन श्रद्धालुओं के मन में पूरे वर्ष के लिए स्मृतियां छोड़ जाता है। न कोई भव्य मंच, न आधुनिक तकनीक का तामझाम, सिर्फ आस्था, परंपरा और गंगा की लहरों पर साकार होती कृष्ण लीला। यही वह आकर्षण है, जो पांच शताब्दियों से काशी को इस अद्भुत आयोजन से बांधे हुए है।

123

123

123

123

123

123

123

123

123

BK Pathak
BK Pathak

21731 Articles

Beerkeshwar Pathak Journalist Beerkeshwar Pathak, who entered the field of journalism in 2015, has nearly a decade of experience in print and digital media. He holds a postgraduate diploma in journalism and has established his reputation through reporting at prestigious media outlets like Amar Ujala, Hindustan, and Dainik Jagran. He has a special interest and expertise in reporting on political and social issues, news analysis, and editing, along with eventful news. He currently serves as an editor at Live VNS, a leading digital news platform in Varanasi. In this role, he is contributing to reshaping digital journalism and delivering important information to readers through factual and reliable news. Factual investigation of news and effective editing are key aspects of his journalism.

Share this story