कबीरचौरा महिला अस्पताल में बनेगा अत्याधुनिक एमएसएनसीयू, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने किया शिलान्यास
वाराणसी। कबीरचौरा स्थित राजकीय जिला महिला चिकित्सालय में अत्याधुनिक एमएसएनसीयू (मेटरनल सिक न्यूबॉर्न केयर यूनिट) भवन का निर्माण कराया जाएगा। शहर दक्षिणी विधायक और पूर्व मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी ने इसकी नींव रखी। यह यूनिट वाराणसी की पहली एमएसएनसीयू सुविधा होगी, जिससे गरीब महिलाओं और नवजात शिशुओं को आधुनिक चिकित्सा सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।

इस दौरान विधायक एवं पूर्व मंत्री ने कहा कि मातृ एवं नवजात शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने की दिशा में यह परियोजना मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने बताया कि करीब 2.55 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस आधुनिक भवन में माताओं के लिए 24 बेड और उनके नवजात शिशुओं के लिए भी 24 बेड की सुविधा उपलब्ध होगी।

उन्होंने कहा कि अभी समय से पहले जन्म लेने वाले या गंभीर रूप से बीमार नवजात शिशुओं को बेहतर इलाज के लिए मां से अलग कर दूसरे अस्पतालों में रेफर करना पड़ता है। लेकिन एमएसएनसीयू बनने के बाद ऐसी स्थिति में काफी सुधार आएगा और नवजात शिशुओं का इलाज उनकी मां के साथ ही किया जा सकेगा। इससे मां और बच्चे दोनों को मानसिक और चिकित्सीय रूप से बेहतर सुविधा मिलेगी।

डॉ. तिवारी ने बताया कि यह यूनिट अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों और प्रशिक्षित स्टाफ से लैस होगी। यहां न्यूनतम इनवेसिव वेंटिलेशन, फोटोथेरेपी, वार्मर और इनक्यूबेटर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि महिला अस्पताल में प्रतिदिन बड़ी संख्या में प्रसव होते हैं और आसपास के जिलों से भी मरीज यहां इलाज के लिए आते हैं। नई यूनिट शुरू होने के बाद बीएचयू एवं अन्य बड़े अस्पतालों में रेफर किए जाने वाले मामलों में कमी आएगी।
उन्होंने दावा किया कि गाजियाबाद के बाद यह प्रदेश का दूसरा अत्याधुनिक एमएसएनसीयू होगा, जिसका निर्माण लगभग चार महीने में पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह परियोजना नवजात मृत्यु दर को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी और वाराणसी की स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती प्रदान करेगी।
कार्यक्रम में आलोक श्रीवास्तव, जगदीश त्रिपाठी, अशोक यादव, राजीव सिंह डब्बू, बबलू सेठ, तारकेश्वर गुप्ता, संजय केशरी, संतोष सोलापुरकर, श्रवण गुप्ता, इंद्रेश सिंह, कनकलता मिश्र, अंकुर मेहरोत्रा, मनोज यादव सहित अस्पताल के चिकित्सक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

