बीएचयू सर्जरी विभाग में सोते समय बेड से गिरा जूनियर डॉक्टर, ट्रॉमा सेंटर में भर्ती
वाराणसी। आईएमएस बीएचयू के सर्जरी विभाग में एक जूनियर डॉक्टर के घायल होने की घटना के बाद अस्पताल परिसर में चर्चा और चिंता का माहौल है। बृहस्पतिवार रात फीमेल सर्जरी वार्ड में ड्यूटी पर मौजूद 25 वर्षीय जूनियर डॉक्टर बेड से नीचे गिर गया, जिससे उसके चेहरे, आंख और होंठ के पास गंभीर चोटें आईं। साथी डॉक्टरों ने उसे तत्काल ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे प्राइवेट वार्ड में भर्ती कराया गया।
बिहार निवासी जूनियर डॉक्टर सर्जरी विभाग में तैनात है। गुरुवार रात करीब आठ बजे वह ड्यूटी के दौरान वार्ड में आराम कर रहा था। इसी दौरान अचानक बेड से नीचे गिर पड़ा। गिरने से उसके चेहरे पर दो जगह चोट लगी और आंख तथा होंठ कट गए। घटना के समय वह बेहोश हो गया था। इसके बाद वहां मौजूद अन्य जूनियर डॉक्टरों और स्टाफ ने उसे तत्काल ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया।
अस्पताल सूत्रों के मुताबिक घटना की सूचना एहतियातन चीफ प्रॉक्टर और संबंधित अधिकारियों को भी दी गई है। इमरजेंसी में पूछताछ के दौरान कुछ लोगों ने बताया कि संबंधित जूनियर डॉक्टर नींद की गोली का सेवन करता था। हालांकि इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। यह भी चर्चा है कि वह पहले भी कई बार बेड से गिर चुका है।
बीते दो महीनों में सर्जरी विभाग से जुड़ी यह दूसरी गंभीर घटना है। इससे पहले 13 मार्च को विभाग की एक महिला जूनियर डॉक्टर द्वारा इंसुलिन की ओवरडोज लेने का मामला सामने आया था। इन घटनाओं के बाद जूनियर डॉक्टरों के मानसिक तनाव और कार्यभार को लेकर सवाल उठने लगे हैं। इस संबंध में आईएमएस निदेशक एसएन संखवार ने बताया कि डॉक्टर के बेड से गिरने और चोट लगने की सूचना मिली है। फिलहाल उसका इलाज चल रहा है।

