राजातालाब में पत्रकार से मोबाइल छिनैती, संदिग्ध युवक हिरासत में, सर्विलांस की मदद से लोकेशन ट्रेस कर रही पुलिस
वाराणसी। राजातालाब क्षेत्र में बाइक सवार उचक्कों ने पत्रकार ओमकारनाथ का मोबाइल फोन छीन लिया और फरार हो गए। घटना उस समय हुई, जब वह अपनी पत्नी के साथ बीएचयू से घर लौट रहे थे। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू की। पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, छीने गए मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लगाया गया है।
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के खरगरामपुर निवासी ओमकारनाथ पत्रकार हैं। वह वाराणसी में कार्य करते हैं। उनकी पत्नी आरती बीएचयू में कार्यरत हैं। दोनों सोमवार शाम बीएचयू से अपने घर खरगरामपुर के लिए निकले थे। रास्ते में राजातालाब पहुंचने पर ओमकारनाथ किसी से मोबाइल फोन पर बातचीत कर रहे थे। बातचीत खत्म होने के बाद जैसे ही उन्होंने मोबाइल जेब में रखा, तभी पीछे से बाइक सवार दो उचक्के पहुंचे। उनमें से एक ने झपट्टा मारकर उनका मोबाइल छीन लिया।
ओमकार ने एक बदमाश का हाथ पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह झटका देकर छूट गया। इसके बाद उन्होंने बाइक सवारों का पीछा भी किया, लेकिन दोनों तेज रफ्तार से भाग निकले। घटना के बाद उन्होंने राजातालाब थाने पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर चौकी प्रभारी ने ओमकार नाथ के साथ रखौना तक बदमाशों की तलाश की, लेकिन वहां कोई नहीं मिला। वापसी के दौरान पुलिस को एक युवक संदिग्ध दिखा। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि, मोबाइल छिनैती की घटना में उसकी संलिप्तता की पुष्टि नहीं हुई है।
इस संबंध में एडीसीपी नृपेंद्र कुमार ने बताया कि छीने गए मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लगाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

