पत्रकारिता समाज का आईना, जनभावनाओं को स्वर देने का माध्यम : डॉ. दयालु

WhatsApp Channel Join Now

पराड़कर स्मृति भवन के सुंदरीकरण कार्य का लोकार्पण


पत्रकारिता की गौरवशाली परंपरा को किया नमन

वाराणसी। पत्रकारिता केवल समाचारों के संप्रेषण तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज को उसका वास्तविक स्वरूप दिखाने और जनभावनाओं को अभिव्यक्ति देने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है। लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारिता ने हमेशा सत्ता और समाज के बीच सेतु का कार्य किया है। यह विचार उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष एवं औषधि राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने गुरुवार को पराड़कर स्मृति भवन में अपने विधायक निधि से कराए गए सुंदरीकरण कार्य के लोकार्पण अवसर पर व्यक्त किए।

राज्यमंत्री ने कहा कि काशी की धरती पत्रकारिता, ज्ञान, चिंतन और वैचारिक नेतृत्व की गौरवशाली परंपरा की साक्षी रही है। पराड़कर स्मृति भवन केवल एक भवन नहीं, बल्कि पत्रकारिता के आदर्शों, मूल्यों और संघर्षों का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि काशी से निकली आवाजों ने देश को नई दिशा देने का कार्य किया है और पत्रकारों की इस तीर्थस्थली के संरक्षण एवं विकास के लिए हरसंभव प्रयास जारी रहेंगे।

123

उन्होंने कहा कि काशी सदियों से मनीषियों, चिंतकों और विद्वानों की भूमि रही है, जिसने अनेक राष्ट्रीय विचारों को जन्म दिया। काशी ने उन्हें भी सार्वजनिक जीवन में नई ऊर्जा और प्रेरणा प्रदान की है। पत्रकारों के योगदान की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि सत्य को समाज तक पहुंचाने के लिए पत्रकार दिन-रात मेहनत करते हैं और अनेक चुनौतियों के बावजूद लोकतंत्र को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सरकार पत्रकारों के हितों और उनकी समस्याओं के समाधान के प्रति संवेदनशील है तथा इस दिशा में गंभीरता से कार्य कर रही है।

डॉ. दयालु ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश सरकार के नेतृत्व में काशी ने विकास के नए मानदंड स्थापित किए हैं और आज विश्व पटल पर नई पहचान बना रही है। पराड़कर स्मृति भवन का सुंदरीकरण पत्रकारिता की समृद्ध विरासत को सम्मान देने तथा नई पीढ़ी को पत्रकारिता के मूल्यों और काशी की गौरवशाली परंपरा से जोड़ने का प्रयास है।

कार्यक्रम में काशी पत्रकार संघ के अध्यक्ष अरुण मिश्र ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। इस अवसर पर काशी पत्रकार संघ को वाटर कूलर उपलब्ध कराने के लिए मालवीय मार्केट व्यावसायिक संघ के पदाधिकारी अभिषेक केसरी, विनय अरोड़ा, ऋषि आहूजा और गुरमीत सिंह बग्गा को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन महामंत्री जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव तथा धन्यवाद ज्ञापन कोषाध्यक्ष जयप्रकाश श्रीवास्तव ने किया। 

इस अवसर पर संघ के पूर्व अध्यक्ष डॉ. अत्रि भारद्वाज, पूर्व महामंत्री अखिलेश मिश्र, उपाध्यक्ष सुनील शुक्ला और कैलाश यादव, प्रेस क्लब अध्यक्ष चंदन रुपानी, मंत्री विनय शंकर सिंह, अजय राय, अश्वनी श्रीवास्तव, सुरेश गांधी, विजय शंकर गुप्ता, शैलेन्द्र भारती, राजेंद्र यादव, सुशील मिश्र, राजेश यादव, डॉ. जिग्नेश कुमार, आशुतोष पांडेय, राजेश सेठ, हरिमोहन श्रीवास्तव ‘अन्नु’, रवीन्द्र प्रकाश त्रिपाठी, मुन्ना लाल साहनी, कौसर अली कुरैशी, मनोज राय, डॉ. रजनीश सिंह, मोहम्मद इमरान, चंद्र प्रकाश मिश्रा, अशफाक सिद्दीकी, दिलीप कुमार, ओंकार तिवारी, रोहित सोनकर, बनारस बार के पूर्व अध्यक्ष धीरेंद्र श्रीवास्तव, संजय मिश्रा तथा चंद्रप्रकाश चंदू सहित बड़ी संख्या में पत्रकार और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Share this story