12 दिन के भीतर फिर लगेगा रोजगार मेला, 32 कंपनियां देंगी नौकरी के अवसर
दो दिवसीय आयोजन में 13 और 14 नवंबर को युवाओं को मिलेगा रोजगार पाने का मौका
योगी सरकार की पहल से युवाओं को अपने क्षेत्र में ही रोजगार से जोड़ने का प्रयास
3 और 5 नवंबर को लगे रोजगार मेलों में 6,860 अभ्यर्थियों ने किया प्रतिभाग, 92 कंपनियां हुईं शामिल
2,792 युवाओं को मिला जॉब ऑफर, 290 महिलाओं को भी मिला रोजगार का अवसर
युवाओं को अधिकतम 4.20 लाख रुपये सालाना तक का पैकेज ऑफर
वाराणसी। योगी सरकार प्रदेश के युवाओं को उनके अपने क्षेत्र में ही रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत 3 और 5 नवंबर को आयोजित रोजगार मेलों के बाद अब वाराणसी में एक बार फिर दो दिवसीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। महज 12 दिनों के अंतराल में होने वाले इस दूसरे रोजगार मेले में युवाओं को प्रतिष्ठित कंपनियों से जुड़ने और अपनी योग्यता के अनुरूप नौकरी पाने का अवसर मिलेगा।
क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय के रोजगार मेला प्रभारी दीप सिंह ने बताया कि पहला रोजगार मेला 13 नवंबर 2026 को जनता इंटर कॉलेज, खोचवां, मिर्जामुराद में आयोजित होगा। वहीं, दूसरा मेला 14 नवंबर 2026 को आदर्श राष्ट्रीय विद्यालय इंटर कॉलेज, चोलापुर में लगेगा। दोनों मेलों में करीब 32 कंपनियां प्रतिभाग करेंगी। इनमें एक्सिस बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, विकास ग्रुप, ब्लिंकिट, सिपेट, लतारा कॉर्पोरेट, डिक्सन, मदरसन, ओजोन कॉर्प्स प्राइवेट लिमिटेड, मार्स कॉस्मेटिक प्राइवेट लिमिटेड, उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक और फ्लिपकार्ट समेत अन्य कंपनियां शामिल होंगी।
12 हजार से 35 हजार रुपये तक मासिक वेतन का अवसर
रोजगार मेला प्रभारी के अनुसार, मेले में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा और आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकते हैं। कंपनियों की ओर से अभ्यर्थियों की योग्यता और संबंधित पद के अनुसार 12 हजार से 35 हजार रुपये तक मासिक वेतन पर चयन किया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थियों को अपना बायोडाटा लेकर सुबह 10 बजे रोजगार मेले में पहुंचना होगा।
पिछले रोजगार मेलों में 2,792 युवाओं को मिला जॉब ऑफर
3 और 5 नवंबर को आयोजित दोनों वृहद रोजगार मेलों में युवाओं को उत्साहजनक परिणाम मिले थे। इन आयोजनों में कुल 92 कंपनियों ने प्रतिभाग किया और 6,860 अभ्यर्थियों ने रोजगार के लिए हिस्सा लिया। इनमें से 2,792 युवाओं को विभिन्न कंपनियों की ओर से नौकरी के प्रस्ताव दिए गए। खास बात यह रही कि युवाओं को अधिकतम 4.20 लाख रुपये सालाना पैकेज तक का जॉब ऑफर मिला। वहीं, 290 महिलाओं को भी रोजगार के अवसर प्राप्त हुए। अब एक बार फिर दो दिवसीय रोजगार मेले के आयोजन से स्थानीय युवाओं को अपने ही क्षेत्र में नौकरी पाने का अवसर मिलेगा।

