रथयात्रा मेले के समापन दिवस पर गूंजा 'जय जगन्नाथ', नमामि गंगे ने उतारी विशेष आरती

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। काशी के ऐतिहासिक एवं लक्खा मेलों में शामिल तीन दिवसीय रथयात्रा मेले का समापन शनिवार को श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के बीच हुआ। मेले के अंतिम दिन नमामि गंगे गंगा विचार मंच महानगर की ओर से भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और माता सुभद्रा की विधिवत पूजा-अर्चना कर विशेष आरती उतारी गई। इस दौरान विश्व शांति, जनकल्याण और मां गंगा की निर्मलता एवं अविरलता की कामना की गई। पूरे मेला परिसर में "जय जगन्नाथ" के जयघोष और भजन-कीर्तन से भक्तिमय वातावरण बना रहा।

123

नमामि गंगे गंगा विचार मंच के जिला संयोजक शिवम अग्रहरि के संयोजन में आयोजित कार्यक्रम में सबसे पहले रथ पर विराजमान भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन किया गया। इसके बाद भगवान को परंपरा के अनुसार नानखटाई और पंचमेवे का भोग अर्पित किया गया तथा तुलसी की सुगंधित माला पहनाकर विशेष आराधना की गई। श्रद्धालुओं ने भाव-विभोर होकर भगवान के दर्शन किए और सुख-समृद्धि एवं लोकमंगल की प्रार्थना की।

कपूर से की गई विशेष आरती के दौरान श्रद्धालुओं ने देश और समाज की खुशहाली के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण एवं गंगा स्वच्छता का भी संकल्प लिया। नमामि गंगे के पदाधिकारियों ने कहा कि धार्मिक आयोजनों के माध्यम से लोगों को गंगा संरक्षण और पर्यावरण के प्रति जागरूक करना संगठन का प्रमुख उद्देश्य है। भगवान जगन्नाथ की आराधना के साथ समाज में सेवा, स्वच्छता और प्रकृति संरक्षण का संदेश भी दिया गया।

123

कार्यक्रम में महिलाओं की उल्लेखनीय भागीदारी रही। बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन और आरती में शामिल होकर आयोजन को और अधिक भव्य बनाया। पूजा-अर्चना के उपरांत सभी श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया, जिसे भक्तों ने श्रद्धापूर्वक ग्रहण किया। इस अवसर पर जय विश्वकर्मा, लक्ष्मी पाठक, प्रीति रवि जायसवाल, किरण पांडेय, सपना वर्मा, रेनू जायसवाल, रीता बजाज, अमित श्रीवास्तव, अंकिता जेटली, शिवांगी पांडेय, दीपशिखा कन्नौजिया, कंचन मिश्रा, खुशी अग्रहरि, महिमा, सुषमा श्रीवास्तव, अर्पणा जायसवाल, रेखा विश्वकर्मा, संगीता जायसवाल सहित नमामि गंगे गंगा विचार मंच के पदाधिकारी, सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

Share this story