श्री काशी विश्वनाथ धाम में हर-हर महादेव के साथ जय हिंद, कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा और सतुवा बाबा ने दिया हर घर तिरंगा फहराने का संदेश
वाराणसी। श्री काशी विश्वनाथ धाम गुरुवार को हर-हर महादेव और जय हिंद के जयघोष से गूंज उठा। नमामि गंगे काशी क्षेत्र की ओर से राष्ट्रभक्ति और स्वच्छता का संदेश देने के लिए ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत विशेष आयोजन किया गया। इस दौरान विख्यात कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा और जगद्गुरु सतुवा बाबा ने हाथों में तिरंगा लेकर लोगों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों पर राष्ट्रध्वज फहराने का आह्वान किया।

नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक एवं नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला के संयोजन में आयोजित कार्यक्रम में बुजुर्गों से लेकर युवाओं, महिलाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान ‘हर दिल तिरंगा, हर मन तिरंगा, हर सपना तिरंगा, हर मकसद तिरंगा’ के उद्घोष से वातावरण राष्ट्रभक्ति से सराबोर हो गया।

कार्यक्रम में हर-हर महादेव के जयघोष के बीच लोगों को राष्ट्रध्वज के सम्मान के साथ स्वच्छता को भी अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प दिलाया गया। पंडित प्रदीप मिश्रा और जगद्गुरु सतुवा बाबा ने तिरंगा हाथों में लेकर देशवासियों से 15 अगस्त के अवसर पर घर-घर राष्ट्रध्वज फहराने की अपील की। भगवान शिव के धाम से दिए गए इस संदेश ने श्रद्धालुओं और नागरिकों में राष्ट्रभक्ति का भाव और मजबूत किया।

राजेश शुक्ला ने कहा कि 15 अगस्त तक चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य देशप्रेम, राष्ट्रीय एकता और स्वच्छता को राष्ट्रीय गौरव से जोड़ना है। राष्ट्रध्वज का सम्मान और स्वच्छता का संस्कार भारत की पहचान हैं। ‘हर घर तिरंगा’ और ‘स्वच्छ भारत अभियान’ केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़े राष्ट्रव्यापी अभियान हैं।

उन्होंने कहा कि इन अभियानों के माध्यम से नागरिकों में मातृभूमि के प्रति सम्मान, आपसी भाईचारे और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत किया जा रहा है। कार्यक्रम में शामिल सैकड़ों नागरिकों ने तिरंगे के सम्मान और स्वच्छता को जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। काशी विश्वनाथ धाम में आध्यात्मिक आस्था और राष्ट्रभक्ति का यह संगम श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।

