भाजपा के राष्ट्रीय सचिव बनने के बाद वाराणसी पहुंचे जगदीश पटेल, कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों से किया स्वागत
वाराणसी। भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय सचिव एवं उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी जगदीश पटेल के सोमवार को पहली बार वाराणसी पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। एयरपोर्ट से सर्किट हाउस तक विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका अभिनंदन किया और पुष्पवर्षा की। वाराणसी पहुंचने के बाद पटेल ने काशी विश्वनाथ और काल भैरव मंदिर में दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया।

एयरपोर्ट पर प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल, क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया, राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा, जिलाध्यक्ष राम सकल पटेल, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, महापौर अशोक तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, विधायक डॉ. अवधेश सिंह, एमएलसी धर्मेंद्र राय समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अंगवस्त्रम व पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया।

एयरपोर्ट से सर्किट हाउस तक एयरपोर्ट तिराहा, केजे होटल, महादेव वाटिका, सातो महुआ, तरना पुल, शिवपुर और संत अतुलानंद तिराहे समेत कई स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने गुलाब की पंखुड़ियों की वर्षा कर नए दायित्व को लेकर उत्साह जताया। सर्किट हाउस में आयोजित अभिनंदन कार्यक्रम में क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने अंगवस्त्रम और त्रिशूल भेंटकर जगदीश पटेल का स्वागत किया। दीप प्रज्ज्वलन के बाद पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पार्चन किया गया।

जगदीश पटेल ने कहा कि उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी का दायित्व मिलने के बाद यह उनकी पहली काशी यात्रा है। बाबा विश्वनाथ और बाबा काल भैरव का आशीर्वाद लेकर कार्यकर्ताओं के बीच आना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के उत्साह और स्नेह से उन्हें नई ऊर्जा मिली है। आगामी विधानसभा चुनाव का उल्लेख करते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और पूरी ऊर्जा के साथ चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संसदीय क्षेत्र होने के कारण काशी की देश-दुनिया में विशिष्ट पहचान है। उनके अनुसार पिछले 12-13 वर्षों में काशी में 70 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाएं आई हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता और संगठन के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने कहा कि जगदीश पटेल ने बूथ स्तर से राजनीतिक सफर शुरू किया और संगठन के प्रति समर्पण व कुशल कार्यशैली के बल पर राष्ट्रीय सचिव और प्रदेश सह प्रभारी तक पहुंचे हैं। कार्यक्रम का संचालन अनिल श्रीवास्तव ने किया और धन्यवाद ज्ञापन महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने किया।

