रोम में दिखी काशी की झलक: इटली के कलाकार ने पीएम मोदी को भेंट की वाराणसी के घाटों की पेंटिंग
रोम। इटली दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को रोम में एक खास उपहार मिला। इटली के प्रसिद्ध कलाकार जम्पाउलो टोमासेट्टी (Giampaolo Tomassetti) ने उन्हें वाराणसी के घाटों पर आधारित एक सुंदर पेंटिंग भेंट की। इस पेंटिंग में गंगा तट, नावें और काशी के घाटों की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक छटा को बेहद आकर्षक ढंग से दर्शाया गया है।

प्रधानमंत्री मोदी ने इस मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा करते हुए कहा कि “रोम में काशी की झलक देखने को मिली।” उन्होंने बताया कि जियामपाओलो टोमासेट्टी का भारतीय संस्कृति के प्रति लगाव चार दशकों से भी अधिक पुराना है।
पीएम मोदी के अनुसार, टोमासेट्टी ने 1980 के दशक में वैदिक संस्कृति से जुड़ी पुस्तकों के लिए चित्रांकन का कार्य शुरू किया था। इसके बाद वर्ष 2008 से 2013 के बीच उन्होंने महाभारत पर आधारित 23 विशाल पेंटिंग्स तैयार कीं, जिन्हें काफी सराहना मिली।
सोशल मीडिया पर साझा तस्वीर में प्रधानमंत्री मोदी कलाकार के साथ खड़े नजर आए। उनके पीछे वाराणसी के घाटों की भव्य और रंग-बिरंगी पेंटिंग दिखाई दे रही थी, जिसने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। पेंटिंग में गंगा नदी के किनारे बसे काशी के आध्यात्मिक वातावरण को जीवंत रूप में उकेरा गया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कलाकार के भारतीय संस्कृति और काशी के प्रति प्रेम की सराहना करते हुए कहा कि यह भारत और इटली के सांस्कृतिक संबंधों की गहराई को भी दर्शाता है।

