इजराइल-ईरान युद्ध : शारजाह की उड़ानें रद्द, पांच दिन नहीं जाएंगे विमान

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। इजराइल और ईरान युद्ध का असर बाबतपुर एयरपोर्ट से जाने वाली अंतराराष्ट्रीय उड़ानों पर पड़ा है। ईरान के खाड़ी देशों पर हमले को देखते हुए वाराणसी से शारजाह जाने वाली उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। अगले पांच दिनों तक शरजाह की उड़ानें बंद रहेंगी। 

इजराइल और अमेरिका ने ईरान पर हमला किया। ईरान ने भी खाड़ी देशों में अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया। मिसाइलों से हमला किया गया। इसी लिहाज से बाबतपुर से शारजाह की दो उड़ानों को शनिवार को रद्द कर दिया गया। इससे 332 यात्रियों की यात्रा प्रभावित हुई। वर्तमान स्थिति को देखते हुए शारजाह की उड़ानों को चार मार्च तक निरस्त कर दिया गया है। 

वाराणसी एयरपोर्ट से शारजाह के लिए निर्धारित आईएक्स-183 उड़ान से 170 यात्रियों को रवाना होना था। इनमें से ज्यादातर यात्री बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंच चुके थे, लेकिन अचानक फ्लाइट रद्द होने की सूचना मिलने के बाद उन्हें वापस लौटना पड़ा। इसी तरह रात 10.40 बजे जाने वाली आईएक्स - 186 उड़ान से 162 यात्रियों को जाना था। फ्लाइट कैंसिल होने की सूचना यात्रियों के मोबाइल पर संदेश भेजकर दे दी गई थी। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के चलते उड़ानें प्रभावित हुई हैं। यात्रियों को अगली उपलब्ध उड़ानों से समायोजित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

Share this story