वाराणसी में 24,190 करोड़ के निवेश प्रस्ताव, 101 परियोजनाएं शुरू, डीएम ने निवेशकों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। जिले में औद्योगिक विकास और रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए अब तक 202 एमओयू के माध्यम से 24,190.03 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावित हैं। इनमें से 101 परियोजनाएं पूरी तरह ऑपरेशनल हो चुकी हैं और 5,284.65 करोड़ रुपये का निवेश धरातल पर उतर चुका है। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में आयोजित जिला उद्योग बंधु समिति एवं एमओयू क्रियान्वयन इकाई की बैठक में यह जानकारी दी गई।


बैठक में औद्योगिक विकास, निवेश प्रस्तावों की प्रगति और उद्यमियों की समस्याओं की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निवेशकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को उनके त्वरित और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए विभागीय अधिकारी निवेशकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करें।

123
चांदपुर औद्योगिक क्षेत्र की समस्याएं होंगी दूर
उपायुक्त उद्योग ने निवेश प्रस्तावों और परियोजनाओं की प्रगति का विवरण प्रस्तुत किया। इस दौरान औद्योगिक आस्थान चांदपुर में विद्युत बिल भुगतान, लोडिंग और खड़े ट्रकों की समस्या पर चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने एआरटीओ को पुलिस बल के साथ प्रवर्तन कार्रवाई कर ट्रकों को हटवाने के निर्देश दिए। औद्योगिक क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित ठेले और खोमचे हटवाने के लिए अपर नगर आयुक्त को त्वरित कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने औद्योगिक क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त सुनिश्चित कराने के भी निर्देश दिए।


पोस्ट ऑफिस भवन और पीएचसी का होगा निरीक्षण
औद्योगिक क्षेत्र स्थित जर्जर पोस्ट ऑफिस भवन को खाली कराने तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण के संबंध में जिलाधिकारी ने सीएमओ, लोक निर्माण विभाग के भवन खंड के अधिशासी अभियंता और अपर नगर आयुक्त को संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके अलावा निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित प्रकरणों का जल्द निस्तारण करने तथा पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की गई।

निवेशकों को सुविधाओं के प्रचार-प्रसार के निर्देश
जिलाधिकारी ने उपायुक्त उद्योग को औद्योगिक इकाइयों की स्थापना के लिए जिला प्रशासन की ओर से उपलब्ध सुविधाओं, अनुदानों और प्रोत्साहन योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने को कहा। उन्होंने उद्यमियों और निवेशकों से अपील की कि जिले में उद्योग स्थापना के लिए अनुकूल वातावरण, प्रशासनिक सहयोग, त्वरित स्वीकृतियां और शासन की विभिन्न प्रोत्साहन योजनाएं उपलब्ध हैं। इच्छुक निवेशक आगे आएं, जिला प्रशासन हर स्तर पर सहयोग के लिए तत्पर है। बैठक में सीडीओ प्रखर कुमार सिंह, एडीएम प्रशासन राजेश कुमार, उपायुक्त उद्योग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Share this story