बरेका में अंतर रेलवे 67वीं पुरुष अखिल भारतीय कुश्ती प्रतियोगिता का हुआ शुभारंभ, 13 रेलवे टीमों के पहलवान दिखाएंगे दम
वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के कुश्ती केंद्र में मंगलवार को 67वीं पुरुष अखिल भारतीय अंतर-रेलवे कुश्ती प्रतियोगिता 2026-27 का भव्य शुभारंभ हुआ। महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने गुब्बारे उड़ाकर और दीप प्रज्वलित कर तीन दिवसीय प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। प्रतियोगिता 29 सितंबर से एक अक्टूबर तक आयोजित की जा रही है, जिसमें देशभर की रेलवे की 13 टीमें हिस्सा ले रही हैं।
उद्घाटन अवसर पर महाप्रबंधक ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और खेल भावना, अनुशासन के साथ बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद बरेका के अर्जुन यादव और उत्तर रेलवे के दिनेश के बीच उद्घाटन मुकाबला हुआ। महाप्रबंधक ने दोनों पहलवानों का हाथ मिलाकर मुकाबले की शुरुआत कराई। फ्री स्टाइल के 69 किलोग्राम भार वर्ग के इस मुकाबले में बरेका के अर्जुन यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।

प्रतियोगिता में उत्तर रेलवे, मध्य रेलवे, पश्चिम रेलवे, उत्तर पश्चिम रेलवे, उत्तर मध्य रेलवे, रेल कोच फैक्ट्री, बरेका, रेलवे सुरक्षा बल, पूर्वोत्तर रेलवे, पूर्व मध्य रेलवे, रेलवे बोर्ड, पश्चिम मध्य रेलवे और दक्षिण पश्चिम रेलवे की टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। फ्री स्टाइल में 57, 61, 65, 70, 74, 79, 86, 92, 97 और 125 किलोग्राम, जबकि ग्रीको-रोमन शैली में 55, 60, 63, 67, 72, 77, 82, 87, 97 और 130 किलोग्राम भार वर्ग में मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं। प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न भार वर्गों में स्वर्ण, रजत और कांस्य पदकों के लिए पहलवानों के बीच मुकाबले होंगे।

कुश्ती केंद्र में पहलवानों के दमदार दांव-पेच से माहौल रोमांच से भर गया। खेल प्रेमियों ने तालियों के साथ खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। प्रतियोगिता में ओलंपियन और अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित पहलवान भी आकर्षण का केंद्र रहे। उद्घाटन समारोह में बरेका के वरिष्ठ अधिकारी, खेलकूद संघ के पदाधिकारी, प्रशिक्षक, निर्णायक, विभिन्न रेलवे टीमों के खिलाड़ी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।


