वाराणसी के कोडीन कफ सिरप तस्करी केस में इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस जारी, दुबई में छिपे शुभम जायसवाल की गिरफ्तारी और प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू
वाराणसी। रोहनिया थाना क्षेत्र में सामने आए चर्चित कोडीन कफ सिरप तस्करी मामले में बड़ा कदम उठाया गया है। फरार आरोपी शुभम जायसवाल के खिलाफ इंटरपोल द्वारा रेड कॉर्नर नोटिस जारी कर दिया गया है। आरोपी वर्तमान में दुबई (यूएई) में छिपा हुआ है और उसकी गिरफ्तारी के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कार्रवाई शुरू हो चुकी है।
भारी मात्रा में कफ सिरप बरामदगी से खुला था मामला
यह पूरा मामला 19 नवंबर 2025 का है, जब रोहनिया थाना क्षेत्र में भारी मात्रा में कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद किया गया था। इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था और जांच के बाद 12 फरवरी 2026 को पुलिस ने आरोप पत्र न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया था।

दुबई भागा आरोपी, इंटरपोल तक पहुंचा मामला
जांच के दौरान मुख्य आरोपी शुभम जायसवाल फरार पाया गया, जो वर्तमान में दुबई में रह रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने इंटरपोल से रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराने का अनुरोध किया था।
सीबीआई के सहयोग से अब इंटरपोल ने रेड कॉर्नर नोटिस जारी कर दिया है, जिससे आरोपी की गिरफ्तारी का रास्ता साफ हो गया है।
गिरफ्तारी और प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू
रेड कॉर्नर नोटिस जारी होने के बाद संबंधित देश की एजेंसियां आरोपी को गिरफ्तार करेंगी। इसके बाद उसे भारत लाने के लिए प्रत्यर्पण (एक्सट्राडिशन) की प्रक्रिया शुरू की जा चुकी है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को दुबई से गिरफ्तार कर भारत लाया जाएगा और न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
SIT टीम की अहम भूमिका
इस पूरे मामले में एसआईटी टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, तस्करी के इस नेटवर्क को तोड़ने के लिए लगातार कार्रवाई जारी रहेगी और अन्य आरोपियों की भी तलाश की जा रही है।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सख्ती का संदेश
इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। इंटरपोल रेड कॉर्नर नोटिस जारी होने से यह साफ संकेत है कि अब अपराधी देश से बाहर जाकर भी कानून से बच नहीं सकते।

