अंतरराष्ट्रीय योग दिवस : महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में सामूहिक योगाभ्यास, मंत्री, कुलपति व जिलाधिकारी समेत सैकड़ों लोगों ने किया योग
वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को विश्वविद्यालय के खेल मैदान में भव्य सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा संस्थान, पुणे एवं आयुष मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, विश्वविद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए योग को स्वस्थ जीवन का आधार बताया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के स्टाम्प एवं न्यायालय शुल्क तथा पंजीयन विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रवींद्र जायसवाल उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने सहभागिता की। इसके अलावा कुलसचिव डॉ. सुनील पांडेय, कुलानुशासक प्रो. के.के. सिंह, चिकित्सा विज्ञान संकाय के अध्यक्ष प्रो. पीतांबर दास, विश्वविद्यालय परिवार के प्राध्यापक, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में सभी प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया। पूरे परिसर में अनुशासन और उत्साह का वातावरण देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान योग के माध्यम से स्वस्थ शरीर, शांत मन और संतुलित जीवन का संदेश दिया गया। मुख्य अतिथि रवींद्र जायसवाल ने कहा कि योग भारत की हजारों वर्षों पुरानी सांस्कृतिक धरोहर है, जिसे आज पूरा विश्व अपना चुका है। योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक समग्र पद्धति है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से मजबूत और आध्यात्मिक रूप से समृद्ध बनता है।

कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ अपने स्वास्थ्य पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए। योग तनावमुक्त जीवन, एकाग्रता और सकारात्मक सोच विकसित करने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने विश्वविद्यालय परिवार से प्रतिदिन योग करने का आह्वान किया। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण में योग की महत्वपूर्ण भूमिका है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपनी दिनचर्या में कुछ समय योग के लिए निकाले तो अनेक बीमारियों से बचाव संभव है और जीवन अधिक संतुलित एवं ऊर्जावान बन सकता है।

कार्यक्रम का संयोजन चिकित्सा विज्ञान संकाय के अध्यक्ष प्रो. पीतांबर दास के निर्देशन में किया गया। अंत में सभी प्रतिभागियों ने प्रधानमंत्री के "एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग" के संदेश को आत्मसात करते हुए नियमित योगाभ्यास करने तथा समाज में योग के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। पूरे कार्यक्रम का समापन "करें योग, रहें निरोग" के उद्घोष के साथ हुआ।

