अंतरराष्ट्रीय योग दिवस : गंगा घाटों से लेकर मठ-मंदिरों और गांवों तक जगेगी योग की अलख, पांच लाख लोग करेंगे सामूहिक योगाभ्यास

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर इस बार काशी एक नया इतिहास रचने की तैयारी में है। धर्म, अध्यात्म और संस्कृति की इस प्राचीन नगरी में 21 जून को पांच लाख से अधिक लोगों के सामूहिक योगाभ्यास का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिला प्रशासन ने इस विशाल आयोजन को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं। शहर के प्रमुख घाटों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, अस्पतालों, सरकारी कार्यालयों, पार्कों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

123

योग दिवस से पूर्व जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से नमो घाट पर योग सप्ताह का शुभारंभ किया जा चुका है। सप्ताह भर चलने वाले इस अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों पर प्रतिदिन योग सत्र आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें बड़ी संख्या में लोग भाग ले रहे हैं। इसका उद्देश्य लोगों को योग के प्रति प्रेरित करना और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक करना है।

मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह ने बताया कि काशी के सभी 84 घाट इस बार योगमय वातावरण के साक्षी बनेंगे। योग सप्ताह के अंतर्गत विभिन्न घाटों पर सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। नमो घाट से शुरू हुए इस अभियान के तहत राजघाट, पंचअग्नि घाट, रानी घाट, निषाद घाट सहित कई प्रमुख घाटों पर योगाभ्यास कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 17 जून को राम घाट, अग्निश्वर घाट, गणेश घाट, भोंसले घाट, गंगा महल घाट, सिंधिया घाट, ललिता घाट और दशाश्वमेध घाट पर विशेष योग कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसके अलावा 18 से 20 जून तक सारनाथ, विभिन्न धार्मिक स्थलों, अस्पतालों, पार्कों, विद्यालयों और विश्वविद्यालयों में भी योग सत्र चलेंगे।

ग्रामीण क्षेत्रों में योग को जन-जन तक पहुंचाने के लिए 694 ग्राम पंचायतों में युवा मंगल दल एवं महिला मंगल दल के सदस्यों को कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत प्रशिक्षित किया जा रहा है। ये प्रशिक्षित सदस्य मास्टर ट्रेनर के रूप में ग्रामीणों को योग का अभ्यास कराएंगे। जिला प्रशासन का मानना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को मिली वैश्विक पहचान के अनुरूप काशी का यह आयोजन भव्यता और जनभागीदारी के नए मानक स्थापित करेगा। गंगा तट पर हजारों लोगों के एक साथ योग करने का दृश्य देश-दुनिया के आकर्षण का केंद्र बनेगा और स्वास्थ्य, अनुशासन तथा सकारात्मक जीवनशैली का संदेश व्यापक स्तर पर प्रसारित करेगा।

Share this story