IIT (BHU) में अंतरराष्ट्रीय प्रकाश दिवस पर विज्ञान और तकनीक का संगम, विद्यार्थियों ने दिखाया उत्साह
वाराणसी। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान बीएचयू के भौतिकी विभाग में शनिवार को अंतर्राष्ट्रीय प्रकाश दिवस 2026 का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन SPIE और Optica स्टूडेंट चैप्टर्स के तत्वावधान में किया गया। इसमें विद्यार्थियों, शोधार्थियों और संकाय सदस्यों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों के बीच प्रकाश विज्ञान, ऑप्टिक्स और आधुनिक वैज्ञानिक तकनीकों के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
कार्यक्रम की शुरुआत चैप्टर समन्वयक प्रो. राकेश कुमार सिंह के उद्घाटन संबोधन से हुई। उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय प्रकाश दिवस के महत्व पर विस्तार से चर्चा करते हुए बताया कि प्रकाश आधारित तकनीकों की भूमिका विज्ञान, स्वास्थ्य, शिक्षा, संचार और सतत विकास जैसे क्षेत्रों में लगातार बढ़ रही है। उन्होंने विद्यार्थियों को SPIE और Optica जैसी अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं से जुड़ने के लाभों की जानकारी दी और वैज्ञानिक अनुसंधान तथा नवाचार में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। विलियम हेनरी स्मिथ मेमोरियल स्कूल और बंगाली टोला इंटर कॉलेज से लगभग 25-25 छात्र शामिल हुए, जबकि यू.पी. कॉलेज के 15 एमएससी भौतिकी विद्यार्थियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इसके अलावा IIT (BHU) के SPIE एवं Optica चैप्टर से जुड़े छात्र सदस्य भी कार्यक्रम का हिस्सा बने।
समारोह के दौरान ऑप्टिक्स, फोटोनिक्स और आधुनिक वैज्ञानिक प्रौद्योगिकियों पर कई ऑनलाइन और ऑफलाइन विशेषज्ञ व्याख्यान आयोजित किए गए। विद्यार्थियों को भौतिकी एवं अनुसंधान के क्षेत्र में करियर की संभावनाओं से भी अवगत कराया गया। कार्यक्रम में क्विज प्रतियोगिता, इंटरैक्टिव चर्चा, प्रयोगशाला भ्रमण और उन्नत ऑप्टिकल प्रयोगों का प्रदर्शन विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। इन गतिविधियों ने विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति जिज्ञासा और रुचि को और बढ़ाया।
क्विज प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में वैज्ञानिक विषयों को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। आयोजकों ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम युवाओं को विज्ञान और अनुसंधान की ओर प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम का समापन वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देने और दैनिक जीवन में प्रकाश के महत्व के प्रति जागरूकता फैलाने के संकल्प के साथ हुआ।

