वाराणसी स्टेशन पर सघन चेकिंग अभियान,अनधिकृत वेंडरों समेत नौ के खिलाफ कार्रवाई

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। रेलवे सुरक्षा बल की ओर से वाराणसी स्टेशन परिसर में यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे नियमों के पालन को लेकर मंगलवार को सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। निरीक्षक संदीप कुमार यादव के निर्देशन में सर्कुलेटिंग एरिया, प्लेटफार्म, टिकट घर और आने-जाने वाली ट्रेनों की जांच की गई। इस दौरान महिला और दिव्यांग कोच में अनधिकृत रूप से यात्रा कर रहे यात्रियों को वहां से हटाया गया और नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई।

123

अभियान के दौरान यात्रियों को जहरखुरानी से बचाव के लिए जागरूक किया गया। यात्रियों से अपील की गई कि वे किसी अपरिचित व्यक्ति से खाने-पीने की वस्तु न लें। यात्रा के दौरान किसी प्रकार की समस्या होने पर रेलवे हेल्पलाइन 139 पर सूचना देने की जानकारी दी गई। साथ ही ट्रेनों में अनावश्यक चेन पुलिंग नहीं करने और रेलवे सुरक्षा बल का सहयोग करने की अपील की गई। स्टेशन परिसर की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार की जाती रही।

123

चेकिंग के दौरान जन विश्वास अधिनियम-2026 के तहत कुल नौ लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। रेलवे एक्ट की धारा 147 के उल्लंघन में एक व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की गई। वहीं, रेलवे सुरक्षा बल और वाणिज्यिक विभाग की संयुक्त जांच में स्टेशन परिसर में अनधिकृत रूप से खान-पान सामग्री बेचते पांच वेंडर पकड़े गए। इनके खिलाफ रेलवे एक्ट की धारा 144 के उल्लंघन में जन विश्वास अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।

123

इसके अलावा रेलवे सुरक्षा बल ने अवैध रूप से खान-पान सामग्री बेचते दो अन्य वेंडरों को भी पकड़ा। इनके खिलाफ भी धारा 144 के तहत कार्रवाई की गई। सेकंड एंट्री साइड स्थित चार पहिया वाहन स्टैंड की जांच के दौरान लाइसेंस नियमों का पालन नहीं करने पर संचालक के कर्मचारी के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान की गई कार्रवाई से संबंधित पेनल्टी रेलवे मद में जमा कराई गई। रेलवे सुरक्षा बल ने यात्रियों से अपील की कि वे सुरक्षित यात्रा के लिए रेलवे के नियमों का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना दें।

Share this story