नक्खी घाट पर युवक के नदी में कूदने की सूचना, एसडीआरएफ-एनडीआरएफ का सर्च ऑपरेशन जारी

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। नक्खी घाट पर सोमवार को युवक के नदी में छलांग लगाने की सूचना पुलिस को मिली। मामला सारनाथ थाना क्षेत्र के पुराना पुल चौकी अंतर्गत का है। सूचना के बाद एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया। 

123

सोमवार को पीआरबी के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि दीनदयालपुर निवासी सूरज राजभर (20 वर्ष), पुत्र चंद्रबली राजभर ने नदी में छलांग लगा दी है। हालांकि मौके पर मौजूद किसी भी व्यक्ति ने युवक को छलांग लगाते हुए प्रत्यक्ष रूप से नहीं देखा। घटनास्थल से युवक की साइकिल और जूते बरामद किए गए हैं, जिससे नदी में कूदने की आशंका प्रबल हो गई है।

सूचना मिलते ही थाना सारनाथ पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने परिजनों से संपर्क किया तो पिता चंद्रबली राजभर ने बताया कि सूरज पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था और उसका इलाज भोजूबीर क्षेत्र में चल रहा था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों को सूचना दी। दोनों एजेंसियों की टीमें नदी में युवक की तलाश में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। गोताखोरों की मदद से संभावित स्थानों पर गहन तलाश की जा रही है।

फिलहाल युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका है। पुलिस परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और क्षेत्र में भी चिंता का माहौल है।

Share this story