दुर्गाकुंड में 1.30 करोड़ से बनकर तैयार हुआ इंडोर बैडमिंटन कोर्ट, विधायक ने किया लोकार्पण, बेहतर होंगी खेल सुविधाएं
वाराणसी। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर दक्षिणी विधानसभा को एक बड़ी खेल सुविधा की सौगात मिली। दुर्गाकुंड वार्ड स्थित ब्रह्मानंद नगर कॉलोनी में लगभग 1.30 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित अत्याधुनिक इंडोर बैडमिंटन कोर्ट का लोकार्पण पूर्व मंत्री एवं शहर दक्षिणी विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने किया। इसके साथ ही क्षेत्र में स्थापित ओपन जिम का भी शुभारंभ हुआ। यह प्रदेश का पहला ऐसा इंडोर बैडमिंटन कोर्ट बताया जा रहा है, जो किसी विधानसभा क्षेत्र में विकसित किया गया है।

इस अवसर पर विधायक ने कहा कि यह परियोजना युवाओं और खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह कोर्ट खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण का वातावरण प्रदान करेगा। विशेष रूप से रात्रिकालीन अभ्यास की व्यवस्था होने से खिलाड़ियों को अपनी तैयारी जारी रखने में सुविधा मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि यह केंद्र आने वाले वर्षों में क्षेत्र से नई खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

डॉ. तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में खेल और फिटनेस संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने का परिणाम है कि भारतीय खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बैडमिंटन कोर्ट न केवल खिलाड़ियों के लिए उपयोगी होगा, बल्कि स्थानीय नागरिकों को भी स्वस्थ और फिट जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करेगा।

उन्होंने बताया कि दक्षिणी विधानसभा में पिछले वर्षों में अनेक विकास कार्य किए गए हैं, जो क्षेत्र की प्रगति के नए मानक स्थापित कर रहे हैं। सड़क, पार्क, गली, विद्यालय और डिजिटल लाइब्रेरी जैसी कई परियोजनाओं का निर्माण कराया गया है। इसी क्रम में कार्यक्रम के दौरान लगभग सात करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी किया गया।
विधायक ने लगाए शॉट
कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण तब देखने को मिला जब औपचारिक उद्घाटन के बाद विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी स्वयं बैडमिंटन कोर्ट पर उतरे और रैकेट थामकर कुछ शॉट लगाए। उन्होंने कोर्ट की फ्लोरिंग और अन्य तकनीकी सुविधाओं का निरीक्षण भी किया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ समाजसेवी पंडित प्रमोद कुमार मिश्रा ने किया, जबकि स्थानीय पार्षद अक्षयबर सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया। धन्यवाद ज्ञापन मंडल प्रभारी डॉ. वीरेंद्र प्रताप सिंह ने किया। आयोजन का संयोजन रतन देव सिंह ने किया। इस अवसर पर भाजपा के विभिन्न पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

