बागडोगरा और खजुराहो के लिए भी उड़ान शुरू करेगा इंडिगो, 18 अक्टूबर से स्पाइसजेट की सेवाएं शुरू, पुणे-अहमदाबाद के लिए भी मिलेगी सीधी कनेक्टिविटी
वाराणसी। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से हवाई यात्राओं का विंटर शेड्यूल जारी कर दिया गया है। एयरलाइन कंपनी इंडिगो ने वाराणसी से बागडोगरा और खजुराहो के लिए सीधी उड़ान शुरू करने की तैयारी की है। वहीं, पुणे और अहमदाबाद के लिए भी वाराणसी से सीधी विमान सेवा शुरू करने की घोषणा की गई है। इससे पूर्वांचल के यात्रियों को देश के प्रमुख शहरों के साथ अतिरिक्त हवाई कनेक्टिविटी मिलेगी।
इंडिगो की ओर से वाराणसी-बागडोगरा और वाराणसी-खजुराहो के लिए नई सीधी उड़ानें शुरू की जाएंगी। बागडोगरा के लिए उड़ान शुरू होने से पूर्वोत्तर और पर्यटन के लिहाज से महत्वपूर्ण क्षेत्रों तक पहुंच आसान होगी। वहीं, खजुराहो के लिए सीधी सेवा शुरू होने से धार्मिक एवं पर्यटन यात्रियों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
इसके अलावा पुणे और अहमदाबाद के लिए भी सीधी उड़ान शुरू करने की तैयारी है। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अकासा एयर की ओर से भी वाराणसी और पुणे के बीच उड़ान सेवा शुरू की जाएगी। वर्तमान में वाराणसी से भुवनेश्वर, चेन्नई, गुवाहाटी समेत कई शहरों के लिए अकासा की सेवाएं संचालित हो रही हैं।
18 अक्टूबर से स्पाइसजेट की वापसी
एयरपोर्ट से स्पाइसजेट की सेवाएं भी 18 अक्टूबर से फिर शुरू होने की जानकारी दी गई है। एयरलाइन की ओर से वाराणसी से दिल्ली, अहमदाबाद, मुंबई और हैदराबाद के लिए उड़ानें संचालित की जाएंगी। इससे वाराणसी एयरपोर्ट से यात्रियों के लिए उपलब्ध विकल्पों में इजाफा होगा।

