खराब मौसम के कारण रांची जा रही इंडिगो की उड़ान वाराणसी डायवर्ट, यात्रियों को हुई परेशानी 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। रांची एयरपोर्ट पर खराब मौसम के कारण बेंगलुरु से रांची जा रही इंडिगो की उड़ान को बुधवार देर रात वाराणसी एयरपोर्ट डायवर्ट करना पड़ा। विमान में कुल 140 यात्री सवार थे। रांची में मौसम खराब होने के कारण विमान की सुरक्षित लैंडिंग संभव नहीं होने पर पायलट ने उड़ान को वाराणसी एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया।

एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6ई 221 बेंगलुरु से रांची के लिए संचालित हो रही थी। रांची एयरपोर्ट पर मौसम खराब होने के चलते विमान को वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के लिए डायवर्ट किया गया। विमान ने रात करीब 9:10 बजे वाराणसी एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की। विमान में सवार 140 यात्रियों के साथ एयरपोर्ट प्रशासन और संबंधित एजेंसियों ने जरूरी प्रक्रिया पूरी की। यात्रियों को कुछ समय तक एयरपोर्ट पर अतिरिक्त इंतजार करना पड़ा।

उधर, वाराणसी एयरपोर्ट से विजयवाड़ा के लिए इंडिगो की सीधी उड़ान सेवा भी गुरुवार से शुरू हो गई। पहली उड़ान में 89 यात्रियों ने यात्रा की। एयरपोर्ट अधिकारियों और इंडिगो के स्टेशन मैनेजर ने यात्रियों को बोर्डिंग पास देकर सेवा की शुरुआत कराई। यह उड़ान प्रत्येक बुधवार, शनिवार और रविवार को संचालित होगी। इससे वाराणसी और विजयवाड़ा के बीच हवाई संपर्क मजबूत होने के साथ यात्रियों को सुविधा मिलने की उम्मीद है।

Share this story