Independence Day 2026: देशभक्ति के रंग में रंगा विश्वनाथ धाम, बाबा विश्वनाथ के तिरंगा श्रृंगार के साथ हुआ ध्वजारोहण, राष्ट्रसेवा का लिया संकल्प
80वें स्वतंत्रता दिवस पर काशी विश्वनाथ मंदिर में विशेष आयोजन, मंगला आरती से हुआ समारोह का शुभारंभ
बाबा विश्वनाथ का केसरिया-श्वेत-हरे पुष्पों से तिरंगा श्रृंगार, राष्ट्र के सुख-समृद्धि और शांति के लिए विशेष प्रार्थना
नीलकंठ भवन में सुबह आठ बजे हुआ ध्वजारोहण, स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित कर लिया राष्ट्रसेवा का संकल्प
वाराणसी। 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास की ओर से शनिवार को विभिन्न विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। समारोह की शुरुआत प्रातः बाबा श्री काशी विश्वनाथ की मंगला आरती से हुई। इस दौरान बाबा का विशेष तिरंगा श्रृंगार किया गया। केसरिया, श्वेत और हरे रंग के पुष्पों से सजे बाबा के अलौकिक स्वरूप ने राष्ट्रभक्ति और आध्यात्मिक आस्था का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया।

मंगला आरती के दौरान राष्ट्र एवं समस्त देशवासियों के कल्याण, सुख-समृद्धि और शांति के लिए विशेष प्रार्थना की गई। मंदिर परिसर में स्वतंत्रता दिवस को लेकर श्रद्धा और राष्ट्रभक्ति का माहौल देखने को मिला।
नीलकंठ भवन में हुआ ध्वजारोहण
इसके बाद प्रातः आठ बजे गंगेश्वर महादेव विग्रह के समीप स्थित प्रशासनिक कार्यालय नीलकंठ भवन में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। ध्वजारोहण के बाद स्वतंत्रता दिवस के महत्व और राष्ट्र के प्रति नागरिकों के कर्तव्यों पर विचार-सत्र हुआ। इसमें मंदिर न्यास से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपने विचार रखे।

स्वतंत्रता सेनानियों को किया नमन
विचार-सत्र में वक्ताओं ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। साथ ही अधिकारियों और कर्मचारियों ने ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और सेवाभाव के साथ श्रद्धालुओं की सेवा करने तथा राष्ट्रहित में अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने का संकल्प लिया।

मंदिर न्यास ने दी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास ने 80वें स्वतंत्रता दिवस पर देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई दी। न्यास की ओर से सभी से अपने-अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करते हुए राष्ट्र की प्रगति और निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया गया।

