Independence Day 2026: कलेक्ट्रेट में शान से फहराया तिरंगा, डीएम ने किया ध्वजारोहण, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों का हुआ सम्मान 

WhatsApp Channel Join Now

 

वाराणसी। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में शनिवार को देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव का माहौल देखने को मिला। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने कलेक्ट्रेट परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर स्वतंत्रता दिवस समारोह की शुरुआत की। ध्वजारोहण के बाद अधिकारियों और कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया। पूरा परिसर राष्ट्रभक्ति के भाव से सराबोर नजर आया।

123

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को संविधान की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि देश की स्वतंत्रता असंख्य स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और वीर शहीदों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए प्रत्येक नागरिक को संविधान के मूल्यों और अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहना चाहिए।

123

स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों तथा शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी ने उन्हें सम्मान प्रदान करते हुए उनके योगदान और बलिदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीरों की गाथाएं आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके बलिदान को सदैव स्मरण रखना और उनके आदर्शों पर चलना समाज की जिम्मेदारी है।

123

समारोह के दौरान जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने कलेक्ट्रेट परिसर में पौधारोपण भी किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी बताते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में कलेक्ट्रेट के अधिकारी, कर्मचारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

123

Share this story