Independence Day 2026: स्वतंत्रता दिवस पर काशी को पुलिस की नई सौगात, 100 मॉडीफाइड फैंटम बाइक रवाना

WhatsApp Channel Join Now

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने किया ध्वजारोहण, उत्कृष्ट सेवा के लिए पुलिसकर्मियों को पदक व प्रशस्ति पत्र से किया सम्मानित

पुलिस जनता के बीच, जनता की पहुंच में, अवधारणा को मजबूत करने की पहल

प्रमुख चौराहों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और महत्वपूर्ण स्थानों पर तैनात रहेगा फैंटम दस्ता

वाराणसी। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रिजर्व पुलिस लाइंस कमिश्नरेट वाराणसी में भव्य समारोह आयोजित किया गया। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इसके बाद पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश की ओर से प्रदान किए गए पदक और प्रशस्ति चिह्न के साथ ही जनपद में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान पुलिस आयुक्त ने पुलिसकर्मियों को संविधान के मूल्यों के अनुरूप कर्तव्यों का निर्वहन करने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की शपथ दिलाई।

123

समारोह के बाद पुलिस आयुक्त ने काशीवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए 100 मॉडीफाइड फैंटम बाइक दस्ते को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य पुलिस की मौजूदगी को और अधिक प्रभावी बनाने के साथ आम नागरिकों को मौके पर ही त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराना है।

123
प्रमुख स्थानों पर नजर आएगा फैंटम दस्ता
मॉडीफाइड फैंटम बाइक को नवीन लुक दिया गया है। प्रत्येक बाइक पर विशिष्ट फैंटम बाइक नंबर और संपर्क मोबाइल नंबर अंकित रहेगा। प्रमुख चौराहों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और महत्वपूर्ण स्थानों पर इनकी सक्रिय तैनाती रहेगी। नागरिक अपनी समस्या या शिकायत मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को बता सकेंगे, जिससे छोटी-बड़ी समस्याओं के लिए तत्काल थाना या चौकी जाने की आवश्यकता कम होगी।

123

पुलिस आयुक्त ने कहा कि यह व्यवस्था काशी में सुरक्षा, सेवा और संवेदनशीलता के साथ त्वरित पुलिसिंग को मजबूत करेगी। उन्होंने पुलिसकर्मियों से जनता के साथ संवेदनशील व्यवहार करने और संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता तथा बंधुत्व के मूल्यों को अपने आचरण में उतारने का आह्वान किया।

123
पुलिसकर्मियों को मिले पदक और सम्मान
पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश की ओर से हीरक प्रशंसा चिह्न सहायक पुलिस आयुक्त दशाश्वमेध अतुल अंजान त्रिपाठी को प्रदान किया गया। वहीं निरीक्षक जितेंद्र यादव, दयाशंकर सिंह, उप निरीक्षक गौरव कुमार सिंह, बृजेश कुमार, महिला उप निरीक्षक निकिता सिंह, भरत चौधरी, मुख्य आरक्षी प्रमोद सिंह तथा आरक्षी अशोक कुमार, अंकित मिश्रा और मनीष कुमार बघेल को प्रशंसा चिन्ह ‘सिल्वर’ से सम्मानित किया गया।

123
सराहनीय सेवा सम्मान चिह्न मुख्य आरक्षी विजय कुमार यादव और संतोष कुमार मिश्रा को प्रदान किया गया। यूपी-112 में बेहतर रिस्पांस टाइम के लिए पीआरवी-4963 की टीम के छह पुलिसकर्मियों को भी प्रशस्ति पत्र मिला।

123

30 पुलिसकर्मियों को सराहनीय कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र
पुलिस आयुक्त की ओर से जनपद में उत्कृष्ट कार्य के लिए 30 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। इनमें थाना सिगरा, रामनगर, लोहता, जैतपुरा, चौक, चेतगंज, कैंट, कपसेठी, जंसा, राजातालाब सहित एसओजी, सर्विलांस, साइबर क्राइम, जल पुलिस, महिला अपराध शाखा और फायर सर्विस से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।

123
पुलिस आयुक्त ने कहा कि स्वतंत्रता केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि शहीदों के त्याग को याद कर राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का पुनः संकल्प लेने का दिन है। उन्होंने पुलिसकर्मियों से कानून के शासन और संविधान के मूल्यों के अनुरूप कार्य करते हुए प्रत्येक नागरिक के मन में पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत करने का आह्वान किया।

123

Share this story