Independence Day 2026: देशभक्ति के रंग में रंगी दशाश्वमेध घाट की गंगा आरती, वैदिक मंत्रोच्चार के साथ गूंजा वंदेमातरम
वाराणसी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर काशी के दशाश्वमेध घाट पर गंगा सेवा निधि की ओर से होने वाली विश्व प्रसिद्ध मां गंगा की दैनिक आरती राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगी नजर आई। आरती के दौरान घाट का वातावरण भव्य और दिव्य होने के साथ देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत रहा। तिरंगे रंगों से सजे घाट पर श्रद्धालुओं ने मां गंगा की आरती में सहभागिता की।

आरती से पूर्व वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सामूहिक वंदे मातरम् गान किया गया। इसके बाद दशाश्वमेध घाट भारत माता की जय और देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्र के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त कीं।

गंगा सेवा निधि के पदाधिकारियों ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान को नमन करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और समृद्धि की कामना की। तिरंगे की सजावट और देशभक्ति के नारों के बीच हुई मां गंगा की आरती ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। इस अवसर पर गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्रा, कोषाध्यक्ष आशीष तिवारी, सचिव हनुमान यादव, सचिव सुरजीत सिंह समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

देखें वीडियो

