जगह-जगह गंदगी देख नाराज हुए प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना, अफसरों को लगाई कड़ी फटकार, कर्मचारी का दो दिन का वेतन काटने के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। शहर की सफाई व्यवस्था की हकीकत परखने के लिए प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री और वाराणसी के प्रभारी मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बुधवार को टकटकपुर, अनौला और मीरापुर बसही क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई स्थानों पर सड़क किनारे कूड़े के ढेर, खराब सीवर, जलनिकासी की समस्या और क्षतिग्रस्त गलियां मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई। सफाई में लापरवाही मिलने पर संबंधित कर्मचारी का दो दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए।

प्रभारी मंत्री ने टकटकपुर मुख्य मार्ग पर सुनील जलपान की दुकान के सामने बड़ी मात्रा में कूड़ा पड़ा देखा। इसके बाद अनौला में अमर पुष्प कुंज के सामने भी गंदगी मिली। अनौला-मीरापुर बसही मुख्य मार्ग और मीरापुर बसही रोड स्थित श्यामपुर कॉलोनी के ब्लॉक-बी के सामने भी सड़क किनारे कूड़ा जमा था। जगह-जगह गंदगी मिलने पर मंत्री ने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों से सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी करने को कहा।

123

सीवर का गंदा पानी खाली भूखंड में पहुंचा
मीरापुर बसही में स्वास्थ्य मेडिकल एजेंसी के सामने सीवर खराब मिला। सीवर का गंदा पानी बहकर पास के खाली भूखंड में जा रहा था। भूखंड में कूड़ा भी जमा था। निरीक्षण के दौरान वार्ड संख्या-16 के मीरापुर बसही क्षेत्र की कुछ गलियां भी क्षतिग्रस्त मिलीं। इस पर प्रभारी मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों से कहा कि निरीक्षण में चिह्नित सभी स्थानों से तत्काल कूड़ा हटाया जाए। खराब सीवर और जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के साथ क्षतिग्रस्त गलियों की मरम्मत भी कराई जाए।

123

लापरवाही पर होगी कार्रवाई
सुरेश कुमार खन्ना ने स्पष्ट किया कि सफाई व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को नियमित क्षेत्र भ्रमण कर सफाई कार्यों की निगरानी करने और मुख्य मार्गों, गलियों तथा खाली भूखंडों में कूड़ा जमा न होने देने के निर्देश दिए। उन्होंने नागरिक सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।

Share this story