प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने पांडेयपुर और सरसौली मलीन बस्तियों में सुविधाओं का जाना हाल, अफसरों को दिए सख्त निर्देश
वाराणसी। कैबिनेट मंत्री एवं जनपद के नोडल मंत्री सुरेश खन्ना ने शनिवार को पांडेयपुर और सरसौली मलीन बस्तियों का स्थलीय निरीक्षण कर नागरिक सुविधाओं की हकीकत परखी। उन्होंने साफ-सफाई, सीवर व्यवस्था और मार्गों की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित सुधार के सख्त निर्देश दिए।
मंत्री ने गलियों में उखड़े हुए चौकों को तत्काल रीसेटिंग कर आवागमन सुचारु करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि संकरी बस्तियों में खराब मार्ग से आमजन को असुविधा होती है, इसलिए प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कार्य पूरा कराया जाए। निरीक्षण के दौरान एक स्थान पर सीवर ओवरफ्लो की समस्या सामने आई, जिस पर उन्होंने तत्काल सफाई कराकर जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
सुरेश खन्ना ने क्षेत्र में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने पर जोर देते हुए कहा कि नियमित सफाई और कूड़ा निस्तारण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वच्छ सर्वेक्षण के अंतर्गत वाराणसी की रैंकिंग में सुधार के लिए योजनाबद्ध प्रयास किए जाएं। उनका कहना था कि नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर जीवन सुविधाएं उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल, अपर नगर आयुक्त सविता यादव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। अधिकारियों ने मंत्री को आश्वस्त किया कि दिए गए निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा।

