प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने परखी विकास योजनाओं की प्रगति, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं में बांटा चेक, अधिकारियों को दिए निर्देश
वाराणसी। वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री तथा वाराणसी के प्रभारी मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने रविवार को विकासखण्ड काशी विद्यापीठ का भ्रमण कर विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जमीनी प्रगति का विस्तृत जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया तथा लाभार्थियों से सीधे संवाद कर उन्हें विभिन्न योजनाओं का लाभ भी वितरित किया।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रभारी मंत्री ने सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के योगदान को नमन करते हुए विकास कार्यों को जनहित के अनुरूप गति देने का आह्वान किया। भ्रमण के दौरान मंत्री ने आंगनवाड़ी, बेसिक शिक्षा, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम), पंचायतीराज, कृषि, स्वास्थ्य और वन विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने एनसीएल के सीएसआर सहयोग से मुसहर परिवारों के लिए संचालित आजीविका गतिविधियों की जानकारी ली और शिक्षा विभाग द्वारा आधुनिक तकनीक के माध्यम से वंचित वर्गों के बच्चों के शैक्षिक विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से आयोजित अन्नप्राशन एवं गोदभराई कार्यक्रम में भी उन्होंने सहभागिता की।

लाभार्थी वितरण कार्यक्रम के अंतर्गत राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के स्वयं सहायता समूहों को क्रेडिट लिंकेज के लिए ₹4.86 करोड़ का डेमो चेक प्रदान किया गया। इसके अलावा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना, आयुष्मान भारत योजना तथा वृद्धावस्था पेंशन योजना के पात्र लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, प्रशस्ति पत्र एवं आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए। "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत पौधों का वितरण भी किया गया। गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ई-साथी चैटबॉट का शुभारंभ भी प्रभारी मंत्री ने किया।

समीक्षा बैठक में प्रभारी मंत्री ने जल निगम द्वारा सड़क मरम्मत कार्यों में मिल रही शिकायतों पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी निर्माण एवं मरम्मत कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने क्षेत्र पंचायत की बैठकों में सभी विभागीय अधिकारियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने, जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने तथा नियमित समीक्षा बैठकों के माध्यम से योजनाओं की प्रगति पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही जनप्रतिनिधियों को योजनाओं की अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराने और चौपालों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने पर विशेष बल दिया।

इस अवसर पर रोहनिया विधायक सुनील पटेल, कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव, जिला पंचायत प्रशासक पूनम मौर्य, मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह, परियोजना निदेशक डीआरडीए, उपायुक्त (स्वतः रोजगार) पवन कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी विजय जायसवाल, उप निदेशक कृषि सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं एवं बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे।



