कज्जाकपुरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में वातानुकूलित प्रसव कक्ष का लोकार्पण, विधायक नीलकंठ तिवारी बोले- अब जच्चा-बच्चा केंद्र के रूप में भी करेगा कार्य
वाराणसी। डॉ. नीलकंठ तिवारी ने गुरुवार को कज्जाकपुरा स्थित कज्जाकपुरा कोनियां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में नवनिर्मित वातानुकूलित प्रसव कक्ष का लोकार्पण किया। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय नागरिकों और कार्यकर्ताओं ने विधायक का जोरदार स्वागत किया।

लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी को देखते हुए उन्होंने कज्जाकपुरा-कोनियां क्षेत्र में अस्पताल स्थापित करने का संकल्प लिया था। उन्होंने बताया कि मात्र चार महीने के भीतर अस्पताल का निर्माण कार्य पूरा कराकर इसे जनता को समर्पित किया गया।

विधायक ने कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के संचालन के बाद क्षेत्रीय लोगों की ओर से यहां वातानुकूलित प्रसव कक्ष की मांग लगातार उठ रही थी। जनता की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए अस्पताल को जच्चा-बच्चा केंद्र के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया गया, जिससे माताओं और नवजात शिशुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।

कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय लोगों ने स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर खुशी जताई और तालियों की गड़गड़ाहट के साथ विधायक का स्वागत किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं, गणमान्य नागरिक और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम में जितेंद्रनाथ पांडेय, मंडल अध्यक्ष बबलू सेठ, नलिन नयन मिश्र, पार्षद विजय सोनकर, पार्षद रोहित जायसवाल, पार्षद मनोज यादव, पार्षद लकी भारद्वाज, पार्षद कनकलता मिश्रा, विकास उपाध्याय, दीपक कुशवाहा, अशोक तिवारी, सन्नी रस्तोगी, संजू चौरसिया, अवनीश कुशवाहा और अनुराग त्रिवेदी सहित कई लोग उपस्थित रहे।



