सीएम के आगमन के मद्देनजर लागू रहेगा रूट डायवर्जन, कई मार्गों पर प्रतिबंधित रहेगा वाहनों का आवागमन
वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के वाराणसी आगमन के मद्देनजर शुक्रवार (12 जून) को शहर में रूट डायवर्जन लागू किया जाएगा। इस दौरान मैदागिन, विश्वेश्वरगंज समेत अन्य इलाकों में वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। ट्रैफिक विभाग की ओर से एडवाइजरी जारी की गई है।
इन मार्गों पर प्रभावित रहेगा आवागमन
सीएम के आगमन से तीन घंटे पहले अमर उजाला तिराहे से टेंपो ट्रैवलर, बस और क्रूजर जैसे वाहनों को लहुराबीर तथा मैदागिन की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा। इन वाहनों को लकड़ी मंडी की तरफ मोड़ दिया जाएगा। विश्वेश्वरगंज से तिराहे से चार पहिया वाहनों को मैदागिन की तरफ जाने से रोका जाएगा। इन वाहनों को गोलगड्डा की तरफ मोड़ा जाएगा।
राजघाट पुल से सूजाबाद की तरफ मालवाहक वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। पुलिस लाइन से चौकाघाट और लहुराबीर से विश्वेश्वरगंज के बीच भी ऑटो और ई-रिक्शा का संचालन पूरी तरह बंद रहेगा। एडीसीपी ट्रैफिक अंशुमान मिश्रा के मुताबिक वाहनों को जहां रोका जाएगा, वहीं से उनका डायवर्जन किया जाएगा।
सीएम के आगमन और प्रस्थान के दौरान मैदागिन से गोदौलिया चौराहे के बीच वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। मरीमाई तिराहे से तेलियाबाग तिराहे की तरफ वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। उन्हें अंधरापुल चौराहे अथवा मलदहिया चौराहे की तरफ मोड़ा जाएगा। लहुराबीर चौराहे से मैदागिन की तरफ जाने वाले वाहनों को मलदहिया चौराहे की ओर मोड़ा जाएगा। जंगमबाड़ी से चार पहिया और दो पहिया वाहनों को गोदौलिया चौराहे की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा।

