वाराणसी जोन में 9 साल में 29 जबकि कमिश्नरेट में अबतक कुल 8 अपराधी किये जा चुके हैं ढेर
वाराणसी। उत्तर प्रदेश में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 20 मार्च 2017 से 15 मई 2026 तक पुलिस द्वारा की गई मुठभेड़ों का विस्तृत आंकड़ा सामने आया है। यूपी पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार वाराणसी जोन और वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट में अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की है।

आंकड़ों के मुताबिक वाराणसी जोन में इस अवधि के दौरान कुल 1292 पुलिस मुठभेड़ हुईं। इन कार्रवाइयों में 2426 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 907 अपराधी घायल हुए। पुलिस कार्रवाई में 29 अपराधी मारे गए। वहीं मुठभेड़ों के दौरान 104 पुलिसकर्मी घायल हुए, हालांकि किसी भी पुलिसकर्मी की शहादत नहीं हुई।
वहीं वाराणसी कमिश्नरेट के आंकड़े भी पुलिस की सक्रियता को दर्शाते हैं। कमिश्नरी क्षेत्र में कुल 146 पुलिस मुठभेड़ दर्ज की गईं। इन अभियानों में 260 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 66 अभियुक्त घायल हुए। पुलिस कार्रवाई में 8 अपराधी मारे गए। इसके अलावा 15 पुलिसकर्मी घायल हुए, हालांकि किसी पुलिसकर्मी की जान नहीं गई।
प्रदेश स्तर पर देखें तो उत्तर प्रदेश पुलिस ने अपराध नियंत्रण को लेकर बड़े स्तर पर कार्रवाई की है। पूरे प्रदेश में 20 मार्च 2017 से 15 मई 2026 तक कुल 17,043 पुलिस मुठभेड़ हुईं। इन कार्रवाइयों में 34,253 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 11,834 अभियुक्त घायल हुए। पुलिस मुठभेड़ों में 289 अपराधी मारे गए। वहीं 1,852 पुलिसकर्मी घायल हुए और 18 पुलिसकर्मियों ने शहादत दी।
आंकड़े बताते हैं कि योगी सरकार के कार्यकाल में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार आक्रामक रहा है। वाराणसी जोन और कमिश्नरी में हुई कार्रवाई भी इसी नीति का हिस्सा मानी जा रही है, जहां संगठित अपराध, गैंगस्टर और वांछित अपराधियों पर लगातार दबाव बनाया गया।

