भीषण गर्मी में सड़क बनी तालाब, शिवाला में बह रहा सीवर का गंदा पानी, आवागमन में परेशानी

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र के शिवाला इलाके में पिछले करीब दस दिनों से सीवर का गंदा पानी सड़कों और गलियों में जमा होने से स्थानीय लोगों का जीवन प्रभावित हो गया है। क्षेत्र की मुख्य सड़क से लेकर संकरी गलियों तक जलभराव जैसी स्थिति बनी हुई है, जिसके कारण लोगों को रोजमर्रा के कामों के लिए आने-जाने में भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। लगातार बनी इस समस्या को लेकर क्षेत्रवासियों में नगर निगम और संबंधित विभागों के खिलाफ नाराजगी बढ़ती जा रही है।

123

शिवाला वाराणसी का घनी आबादी वाला और महत्वपूर्ण इलाका माना जाता है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों के अलावा श्रद्धालु और पर्यटक भी पहुंचते हैं, लेकिन इन दिनों क्षेत्र की कई गलियों में सीवर का पानी भरा होने से लोगों को गंदगी के बीच होकर गुजरने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। सबसे अधिक दिक्कत बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को हो रही है, जिन्हें फिसलन और संक्रमण का खतरा लगातार बना हुआ है।

123

स्थानीय लोगों का कहना है कि कई स्थानों पर सीवर का पानी लगातार बह रहा है, जबकि कुछ जगहों पर यह जमा होकर तालाब जैसी स्थिति बना चुका है। गर्मी के मौसम में गंदे पानी से उठ रही बदबू ने हालात को और गंभीर बना दिया है। लोगों का आरोप है कि दुर्गंध के कारण आसपास रहना मुश्किल हो गया है और क्षेत्र में संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका बढ़ती जा रही है।

123

जिस इलाके में यह समस्या बनी हुई है, वहां कई महत्वपूर्ण स्थान स्थित हैं। इसी मार्ग पर मौजूद रत्नाकर पार्क में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग मॉर्निंग वॉक और व्यायाम के लिए पहुंचते हैं। लेकिन पार्क तक पहुंचने वाले लोगों को भी गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। इसके अलावा क्षेत्र में जलकल विभाग का कार्यालय, श्री संत दास काठिया बाबा आश्रम तथा कई व्यापारिक प्रतिष्ठान भी स्थित हैं, जहां आने-जाने वाले लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

123

स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि सीवर का पानी जमा रहने से ग्राहकों की संख्या पर भी असर पड़ा है। बदबू और गंदगी के कारण लोग दुकानों तक आने से बच रहे हैं, जिससे व्यापार प्रभावित हो रहा है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया।

123

लोगों में इस बात को लेकर भी नाराजगी है कि क्षेत्र से जुड़े जनप्रतिनिधि और संबंधित विभाग समस्या के समाधान के प्रति गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं। स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम और जलकल विभाग से तत्काल कार्रवाई कर सीवर समस्या दूर करने की मांग की है। क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा।

Share this story