भीषण गर्मी में बाबा दरबार में विशेष इंतजाम, श्रद्धालुओं के लिए विछाई गई जूट मैट, मिस्ट फैन से ठडी फुहारों का छिड़काव
वाराणसी। भीषण गर्मी और हीट वेव के बीच भी बाबा श्री काशी विश्वनाथ के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था लगातार बढ़ती जा रही है। इन दिनों वाराणसी सहित आसपास के क्षेत्रों में तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच रहा है, इसके बावजूद प्रतिदिन लगभग डेढ़ लाख श्रद्धालु श्री काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन-पूजन के लिए पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास द्वारा धाम परिसर में व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं।
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास की ओर से गर्मी से राहत के लिए धाम परिसर के विभिन्न स्थानों पर शुद्ध आरओ वाटर कूलर लगाए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को ठंडा पेयजल आसानी से मिल सके। जिन स्थानों पर वाटर कूलर उपलब्ध नहीं हैं, वहां बड़े मटकों में ठंडे पानी की व्यवस्था की गई है। मंदिर कर्मचारी लगातार श्रद्धालुओं को गिलास के माध्यम से पेयजल उपलब्ध करा रहे हैं। इसके अलावा कई जगहों पर ओआरएस घोल और ग्लूकोज की भी व्यवस्था की गई है, जिससे दर्शनार्थियों को लू और डिहाइड्रेशन से बचाया जा सके।
श्रद्धालुओं को गर्म फर्श से राहत देने के लिए पूरे धाम परिसर में उच्च गुणवत्ता वाली जूट मैट बिछाई गई है। वहीं दर्शन मार्ग पर पर्याप्त छाया उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जर्मन हैंगर और टेंसाइल स्ट्रक्चर लगाए गए हैं। गर्म वातावरण को ठंडा रखने और श्रद्धालुओं को राहत पहुंचाने के लिए मिस्ट फैन भी लगाए गए हैं, जो लगातार शीतल फुहार छोड़ रहे हैं।
मंदिर न्यास ने आपात स्थिति से निपटने के लिए आरोग्य केंद्र, एंबुलेंस और प्रशिक्षित कर्मचारियों की भी व्यवस्था की है। किसी भी श्रद्धालु की तबीयत खराब होने पर तत्काल प्राथमिक उपचार देकर अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अत्यधिक गर्मी वाले दोपहर के समय दर्शन के लिए आने से बचें तथा घर से पर्याप्त पानी और भोजन ग्रहण करके ही यात्रा शुरू करें। वृद्ध, अस्वस्थ और कमजोर लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

