श्री काशी विश्वनाथ धाम में स्पर्श दर्शन के नाम पर श्रद्धालुओं से पैसे को लेकर कर रहे थे विवाद, पुलिस ने पांच को पकड़ा 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। काशी विश्वनाथ धाम में श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन कराने के नाम पर कथित रूप से पैसे वसूलने और विवाद करने के मामले में चौक पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने सभी को मंदिर के गेट नंबर चार के पास से हिरासत में लेकर शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका में बीएनएसएस की धारा 170/126/135 के तहत कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार, 19 अगस्त को सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई। सूचना मिली थी कि श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के गेट नंबर चार के पास कुछ लोग श्रद्धालुओं से पैसे लेकर स्पर्श दर्शन कराने के नाम पर विवाद कर रहे हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने पांच लोगों को घेरकर पूछताछ की।

पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान संबंधित लोग दर्शनार्थियों के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार कर रहे थे। शिकायत किए जाने पर वे दर्शनार्थियों और स्थानीय लोगों से नाराज होकर विवाद करने लगे। पुलिस ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि वे शांत नहीं हुए और अन्य दर्शनार्थियों तथा पुलिसकर्मियों से भी विवाद की स्थिति उत्पन्न करने लगे।

मौके पर मौजूद कुछ दर्शनार्थियों ने अपनी धार्मिक आस्था आहत होने की बात भी पुलिस को बताई। पुलिस के मुताबिक, स्थिति बिगड़ने और मंदिर परिसर में मारपीट या किसी संज्ञेय अपराध की आशंका को देखते हुए पांचों के खिलाफ निवारक कार्रवाई की गई। 

पुलिस ने जिन लोगों को पकड़ा, उनमें बिहार के आरा निवासी लालबाबू पांडेय, वाराणसी के मड़ुवाडीह निवासी आशीष पांडेय, रामनगर क्षेत्र के सूजाबाद निवासी दिलीप पांडेय, मध्य प्रदेश के जबलपुर निवासी यश दुबे और बिहार के दरभंगा निवासी सुशील कुमार दास शामिल हैं। पुलिस सभी के खिलाफ विधिक कार्रवाई में जुटी रही। 

पुलिस टीम में चौक थाना प्रभारी निरीक्षक दिलीप कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक उमेश चंद्र विश्वकर्मा, कांस्टेबल राहुल कुमार, रिजर्व कांस्टेबल विवेक शुक्ला और कांस्टेबल सुनील कुमार त्रिपाठी शामिल रहे।

Share this story