सूजाबाद में 12 फीट गहरे गड्ढे में उतरकर युवक का धरना, नगर निगम के खिलाफ लगाए नारे
वाराणसी। सूजाबाद के बहादुरपुर बड़ा क्षेत्र में सड़क पर बने करीब 10 से 12 फीट गहरे गड्ढे और उसमें भरे पानी को लेकर मंगलवार को स्थानीय लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। गड्ढे की समस्या के विरोध में स्थानीय युवक पंकज यादव पानी के बीच गड्ढे में उतरकर धरने पर बैठ गए। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ‘नगर निगम मुर्दाबाद’ और ‘अधिकारी मुर्दाबाद’ के नारों से इलाका गूंज उठा।
प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप है कि सड़क की बदहाली और गड्ढे की समस्या के बारे में जिम्मेदार अधिकारियों को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद अब तक स्थायी समाधान नहीं कराया गया। लोगों का कहना है कि गड्ढे में पानी भर जाने से स्थिति और खतरनाक हो गई है। धरने पर बैठे पंकज यादव ने कहा कि करीब 10 से 12 फीट गहरा गड्ढा किसी बड़े हादसे को न्योता दे रहा है। पानी भरा होने के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को गड्ढे की वास्तविक गहराई का अंदाजा नहीं हो पाता। ऐसे में अंधेरे या बारिश के दौरान किसी व्यक्ति अथवा वाहन के गड्ढे में गिरने से गंभीर हादसा हो सकता है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन और नगर निगम से तत्काल मौके का निरीक्षण कराकर गड्ढे को भरने और सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि दो से तीन दिनों के भीतर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो क्षेत्रवासी बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। प्रदर्शन में विजय यादव, संजय कसेरा, विकास यादव, सेराज कुरैशी, मनोज यादव, संतोष यादव, रोहित यादव, सूरज साहनी, रितेश सागर, शिवम, अमन, कमलेश पासवान, प्रिंस विश्वकर्मा और रितेश यादव समेत बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।

