शिवपुर में एक ही रात दो दुकानों में चोरी, मेडिकल स्टोर से साढ़े चार लाख नकद और जेवर पार, उखाड़ ले गए सीसीटीवी
वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र में चोरों ने एक ही रात दो दुकानों को निशाना बनाकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। शिवपुर रेलवे क्रॉसिंग के पश्चिमी छोर स्थित अजय मेडिकल्स की दीवार तोड़कर अंदर घुसे चोर करीब 4.50 लाख रुपये नकद और लगभग आठ लाख रुपये कीमत के सोने के आभूषण समेट ले गए। इसके अलावा बगल में स्थित राहुल टी स्टॉल का ताला तोड़कर भी चोरों ने नकदी और सामान पर हाथ साफ कर दिया।
चोर रेलवे ट्रैक की ओर से मेडिकल स्टोर की पिछली दीवार तोड़कर अंदर दाखिल हुए। दुकान में रखी नकदी के साथ चार सोने की चेन, तीन अंगूठियां और शादी में मिले अन्य सोने के आभूषण भी चोरी कर लिए गए। चोरी की घटना को अंजाम देने के बाद चोर मेडिकल स्टोर में लगा सीसीटीवी कैमरा भी उखाड़कर अपने साथ ले गए, ताकि उनकी पहचान से जुड़े साक्ष्य न मिल सकें।

वहीं, मेडिकल स्टोर से सटे राहुल टी स्टॉल को भी चोरों ने निशाना बनाया। दुकान का ताला तोड़कर करीब 500 रुपये नकद और अन्य सामान चोरी कर लिया गया। दोनों दुकानों में चोरी की जानकारी मंगलवार सुबह दुकानदारों के दुकान पहुंचने पर हुई। दुकान का सामान बिखरा देखकर उनके होश उड़ गए। सूचना मिलते ही आसपास के व्यापारी भी मौके पर जुट गए और घटना को लेकर आक्रोश जताया।
पीड़ित दुकानदार ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद शिवपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ चोरों की पहचान और उनकी तलाश में जुटी है। एक ही रात दो दुकानों में चोरी की घटना से क्षेत्र के व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

