काशी तमिल संगमम 5.0 में शिक्षा और संस्कृति का संगम, तिरुक्कुरल के जरिए जुड़ेंगे देशभर के विद्यार्थी, चयनित विद्यार्थियों को मिलेगा 10 हजार रुपये छात्रवृत्ति
1,000 उच्च शिक्षण संस्थानों में चलेगा विशेष सहभागिता कार्यक्रम, तमिल शिक्षक-शिक्षिकाएं स्थानीय छात्रों को तिरुक्कुरल का देंगे ज्ञान
काशी का भ्रमण कर सभ्यता, संस्कृति आध्यात्मिक चेतना से वाकिफ होगा तमिल मेहमानों का दल
वाराणसी। काशी और तमिलनाडु के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और शैक्षणिक संबंधों को नई मजबूती देने के उद्देश्य से आयोजित काशी तमिल संगमम् के पांचवें संस्करण में इस बार शिक्षा, साहित्य और सांस्कृतिक आदान-प्रदान पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इस दौरान देशभर के 1,000 उच्च शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों को तिरुक्कुरल के अध्ययन, शोध और शैक्षणिक गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। कार्यक्रम के तहत चयनित विद्यार्थियों को 10 हजार रुपये की छात्रवृत्ति भी प्रदान की जाएगी।
काशी प्रवास के दौरान प्रतिभागी काशी विश्वनाथ मंदिर, रामनगर किला और भारत माता मंदिर सहित प्रमुख धार्मिक, ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का भ्रमण करेंगे। इसके अलावा गंगा आरती, गंगा स्नान, शैक्षणिक संवाद और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। काशी के बाद प्रतिनिधिमंडल प्रयागराज में त्रिवेणी संगम और अयोध्या में श्रीराम मंदिर के दर्शन करेगा।

तमिल विरासत से जुड़े विशेष भ्रमण में प्रतिभागियों को महाकवि सुब्रमण्यम भारती के पैतृक आवास, केदार घाट और काशी मठ स्थित मिनी तमिलनाडु ले जाया जाएगा। बीएचयू के तमिल विभाग में शैक्षणिक संवाद भी आयोजित होगा।
तिरुक्कुरल अध्ययन से जुड़ेंगे विद्यार्थी
संगमम् के प्रमुख कार्यक्रमों में देश के 1,000 उच्च शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थी सहभागिता पहल शामिल है। इसका उद्देश्य विभिन्न भाषाओं और शैक्षणिक पृष्ठभूमि के विद्यार्थियों को तमिल साहित्य के महत्वपूर्ण ग्रंथ तिरुक्कुरल की शिक्षाओं से परिचित कराना है। संस्थान रुचि रखने वाले विद्यार्थियों का मूल्यांकन कर एक-एक विद्यार्थी को नामित करेंगे। चयनित विद्यार्थियों को 22 अनुसूचित भाषाओं और अंग्रेजी में ऑनलाइन शैक्षणिक अभिमुखीकरण दिया जाएगा।
इसके बाद केंद्रीय शास्त्रीय तमिल संस्थान (सीआईसीटी) की ओर से बहुभाषी अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। एक महीने तक चलने वाली शोध गतिविधियों के बाद विद्यार्थियों को संकाय सदस्य के मार्गदर्शन में चार से दस पृष्ठों का शोध-पत्र तैयार करना होगा। साथ ही अपने संस्थान में तिरुक्कुरल पर एक घंटे की प्रस्तुति देनी होगी। निर्धारित शर्तें पूरी करने वाले प्रत्येक पात्र विद्यार्थी को 10 हजार रुपये की छात्रवृत्ति मिलेगी।

स्कूलों में भी पढ़ाया जाएगा तिरुक्कुरल
इस पहल के तहत तमिलनाडु के 50 शिक्षक उत्तर प्रदेश के विभिन्न स्कूलों में जाकर विद्यार्थियों को तिरुक्कुरल की शिक्षा देंगे। तमिल साहित्य के विशेषज्ञ वाराणसी के स्कूलों में भी संवादात्मक सत्र, प्रश्नोत्तरी और परिचयात्मक शिक्षण गतिविधियां आयोजित करेंगे। नेशनल बुक ट्रस्ट राष्ट्रीय ई-पुस्तकालय के सहयोग से कहानी सुनाने और पढ़ने की आदत विकसित करने के लिए विशेष कार्यक्रम संचालित करेगा।

राष्ट्रीय सम्मेलन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
बीएचयू भारतीय भाषा समिति के सहयोग से तिरुक्कुरल पर राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित करेगा। इसके साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और तिरुक्कुरल पर आधारित लघु फिल्मों का प्रदर्शन होगा। आयोजन स्थल पर उत्तर प्रदेश और तमिलनाडु के हस्तशिल्प एवं हथकरघा उत्पादों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे। डिजिटल माध्यम से भी तिरुक्कुरल की शिक्षाओं का प्रचार किया जाएगा। सीआईसीटी के बहुभाषी ऐप में इसके सभी 1,330 दोहे 22 अनुसूचित भाषाओं में उपलब्ध हैं। इसके अतिरिक्त एनिमेटेड वीडियो, लघु फिल्में और ऑडियोबुक प्रस्तुत की जाएंगी।

काशी तमिल संगमम् 5.0 का आयोजन शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग की ओर से आईआईटी मद्रास, बीएचयू, सीआईसीटी, उत्तर प्रदेश सरकार तथा केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों के सहयोग से किया जा रहा है। इसका उद्देश्य सांस्कृतिक, शैक्षणिक और भाषायी आदान-प्रदान के माध्यम से काशी और तमिलनाडु के ऐतिहासिक संबंधों को और मजबूत करना है।

