काशी में गुलाब की पंखुड़ियों से पीएम मोदी का स्वागत करेंगे जेन-जी, डोल-नगाड़े, डमरुओं के निनाद के साथ शंखनाद, भाजपा की बैठक में बनी रणनीति
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रविवार को वाराणसी में भव्य स्वागत होगा। जेन-जी पुष्प वर्षा कर पीएम का स्वागत करेंगे। पुलिस लाइन से नमो घाट तक आठ स्वागत प्वाइंट बनाए गए हैं, जहां पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता ढोल-नगाड़े, डमरुओं के निनाद और शंखनाद के साथ नरेन्द्र मोदी का अभिवादन करेंगे। इसके माध्यम से काशी की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत की झलक भी प्रस्तुत की जाएगी। भाजपा महानगर के गुलाबबाग कार्यालय में पार्टी के राष्ट्रीय मंत्री व यूपी के सह प्रभारी जगदीश पटेल की अध्यक्षता में हुई मीटिंग में इसको लेकर रणनीति तैयार की गई। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों व जनप्रतिनिधियों को जिम्मेदारी सौंपी गई।
इस दौरान जगदीश पटेल ने कहा कि काशीवासियों के लिए यह गर्व का अवसर है कि उनके सांसद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं। उनके आगमन पर भव्य स्वागत कर आभार व्यक्त करना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने साथ जेन-जी को भी स्वागत कार्यक्रम में शामिल करने का आह्वान किया।
धरती से आसमान तक दिखेगा देश का शौर्य
जगदीश पटेल ने कहा कि काशी में राफेल और सुखोई जैसे लड़ाकू विमानों के साथ सारंग हेलिकॉप्टरों का प्रदर्शन देश की सैन्य क्षमता और शौर्य को प्रदर्शित करेगा। प्रधानमंत्री नमो घाट पर आयोजित वायुसेना के कार्यक्रम ‘विंग्स ओवर गंगा’ में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री एयरपोर्ट से हेलिकॉप्टर द्वारा खोचवां स्थित अरविंद मिल पहुंचेंगे। वहां कार्यक्रम में शामिल होने के बाद उनका काफिला पुलिस लाइन आएगा। इसके बाद पीएम सड़क मार्ग से पुलिस लाइन से सांस्कृतिक संकुल, चौकाघाट होते हुए नमो घाट जाएंगे। इस दौरान जगह-जगह पीएम का स्वागत किया जाएगा। नमो घाट पर आयोजित एयर शो में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व अन्य विशिष्टजन शामिल होंगे।

सबसे पहले मातृशक्ति करेगी स्वागत
भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने बताया कि प्रधानमंत्री का हेलिकॉप्टर पुलिस लाइन में उतरने पर सबसे पहले मातृशक्ति उनका स्वागत करेगी। काशी क्षेत्र के प्रभारी रमेश सिंह ने कहा कि पूरे नगर को सजाया जा रहा है। बूथ, मंडल और काशी क्षेत्र स्तर के पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां दी गई हैं। क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने कहा कि स्वागत में काशी की आध्यात्मिक चेतना, सांस्कृतिक गौरव और जनभागीदारी की झलक दिखनी चाहिए।
इन आठ स्थानों पर होगा अभिनंदन
भाजपा ने पुलिस लाइन से नमो घाट तक आठ स्वागत स्थल निर्धारित किए हैं। प्रत्येक स्थान पर अलग-अलग जनप्रतिनिधियों और संगठन पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है।
1. पुलिस लाइन (उमा नेत्रालय): मंत्री रवींद्र जायसवाल के नेतृत्व में पूनम मौर्य, पूजा दीक्षित, चंद्रशेखर उपाध्याय और मृदुला जायसवाल महिला मोर्चा के साथ स्वागत करेंगी।
2. पुलिस लाइन मोड़: महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि की अगुवाई में पूर्व महापौर रामगोपाल मोहले, अशोक जाटव, अखिलेन्द्र सिंह सन्नी, संजय राय और सुधीर मिश्रा युवा मोर्चा के साथ अभिनंदन करेंगे।
3. सांस्कृतिक संकुल: महापौर अशोक तिवारी, पूर्व विधान परिषद सदस्य शिवनाथ यादव, प्रेम कपूर, नवीन कपूर और अवधेश राय अनुसूचित जाति मोर्चा सहित अन्य पदाधिकारियों के साथ स्वागत करेंगे।
4. लकड़ी मंडी तिराहा, चौकाघाट: एमएलसी धर्मेंद्र सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष शंकर गिरी, दिनेश कुमार दीनू, हीरा यादव और दिलीप चौहान पिछड़ा मोर्चा के साथ जिम्मेदारी संभालेंगे।
5. गोलगड्डा तिराहा: कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव के नेतृत्व में मनीष कपूर, जगन्नाथ ओझा, मधुप सिंह और योगेश सिंह पिंकू किसान मोर्चा के साथ स्वागत करेंगे।
6. कज्जाकपुरा: मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, पूर्व महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय, राहुल सिंह और दीपेश वशिष्ठ कैंट मंडल के कार्यकर्ताओं के साथ अभिनंदन करेंगे।
7. भदऊ चुंगी मोड़: दक्षिणी विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी के नेतृत्व में नरसिंह दास, सत्येंद्र सिंह और अक्षयवर सिंह सहित काशी विश्वनाथ मंडल के कार्यकर्ता स्वागत करेंगे।
8. नमो घाट मोड़: सुरेश चौरसिया, रोहित जायसवाल और अमरेश गुप्ता सहित विभिन्न मंडलों के कार्यकर्ता प्रधानमंत्री का अभिनंदन करेंगे।
बैठक में मंत्री रवींद्र जायसवाल, डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, एमएलसी अश्वनी त्यागी, विधायक नीलकंठ तिवारी और सौरभ श्रीवास्तव सहित पार्टी के कई पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक का संचालन अशोक जाटव ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन जिलाध्यक्ष रामसकल पटेल ने दिया।

