काशी में एक दिन देवी स्वरूप में पूजी जाती हैं त्रिजटा, इनके दर्शन के बिना अधूरा माना जाता है कार्तिक स्नान

WhatsApp Channel Join Now

मार्गशीर्ष प्रतिपदा पर काशी के त्रिजटा मंदिर में उमड़ते हैं श्रद्धालु, मूली-बैंगन चढ़ाकर करते हैं विशेष पूजन

माता सीता से मिला था देवी रूप में पूजे जाने का वरदान

वाराणसी। धर्म और आध्यात्म की नगरी काशी में ऐसी अनेक धार्मिक परंपराएं प्रचलित हैं, जिनका संबंध रामायण और पौराणिक कथाओं से जुड़ा हुआ है। इन्हीं में एक अनूठी परंपरा त्रिजटा पूजन की भी है। काशी विश्वनाथ मंदिर के समीप स्थित त्रिजटा मंदिर में वर्षभर श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं, लेकिन मार्गशीर्ष मास की प्रतिपदा को यहां विशेष आयोजन होता है। इस दिन त्रिजटा को देवी स्वरूप में पूजने की परंपरा है। मान्यता है कि कार्तिक महीने में पूरे माह गंगा स्नान करने वाले श्रद्धालुओं की तपस्या त्रिजटा के दर्शन और पूजन के बाद ही पूर्ण होती है।

123

कार्तिक स्नान की साधना से जुड़ी है परंपरा
काशी में कार्तिक मास को धार्मिक अनुष्ठान, दान-पुण्य और आध्यात्मिक साधना के लिए विशेष महत्व दिया जाता है। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूरे महीने गंगा में स्नान कर भगवान विष्णु की आराधना करते हैं। स्थानीय भाषा में इसे कतकी स्नान भी कहा जाता है। महीनेभर स्नान का संकल्प लेने वाले श्रद्धालु मार्गशीर्ष मास की प्रतिपदा को त्रिजटा मंदिर पहुंचते हैं। यहां दर्शन-पूजन के बाद अपनी धार्मिक साधना पूरी होने की कामना करते हैं। धार्मिक मान्यता है कि त्रिजटा के दर्शन के बिना कार्तिक स्नान का पुण्य अधूरा रहता है।

123

इस दिन मंदिर में विशेष पूजन होता है। श्रद्धालु त्रिजटा को मूली और बैंगन अर्पित करते हैं। दीप प्रज्वलित कर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और सुरक्षा की कामना करते हैं। सुबह से ही मंदिर में भक्तों की आवाजाही शुरू हो जाती है।

123

माता सीता की सेवा से मिला देवी रूप में पूजे जाने का वरदान
त्रिजटा की पूजा के पीछे रामायण की एक महत्वपूर्ण कथा प्रचलित है। मंदिर के पुजारी शशांक तिवारी के अनुसार, जब रावण माता सीता का हरण कर उन्हें लंका की अशोक वाटिका में ले गया था, तब त्रिजटा उनकी देखभाल करती थीं। राक्षसी कुल में जन्म लेने के बावजूद त्रिजटा का व्यवहार माता सीता के प्रति सहानुभूतिपूर्ण और सेवाभाव से भरा था। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी माता सीता का साथ दिया और उन्हें सांत्वना दी। रावण वध के बाद जब माता सीता के अयोध्या लौटने का समय आया तो त्रिजटा ने भी उनके साथ जाने की इच्छा जताई। इस पर माता सीता ने उन्हें काशी में निवास करने का आशीर्वाद दिया। साथ ही वरदान दिया कि वर्ष में एक दिन उनकी देवी के रूप में पूजा होगी। मान्यता है कि इसी वरदान के कारण त्रिजटा की काशी में विशेष तिथि पर पूजा-अर्चना की जाती है।

123

मूली-बैगन चढ़ाकर पूरी करते हैं मनोकामना
मंदिर में दर्शन करने पहुंचीं श्रद्धालु गीतांजलि के अनुसार, कार्तिक मास में नियमित गंगा स्नान करने वालों के लिए त्रिजटा का पूजन विशेष महत्व रखता है। भक्त उन्हें रक्षक देवी के रूप में मानते हैं और सुख-समृद्धि की कामना करते हैं। यही वजह है कि मार्गशीर्ष प्रतिपदा पर काशी के इस मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है। मूली-बैगन का भोग, दीपदान और विशेष पूजन की यह परंपरा आज भी पूरी आस्था के साथ निभाई जा रही है।

BK Pathak
BK Pathak

22007 Articles

Beerkeshwar Pathak Journalist Beerkeshwar Pathak, who entered the field of journalism in 2015, has nearly a decade of experience in print and digital media. He holds a postgraduate diploma in journalism and has established his reputation through reporting at prestigious media outlets like Amar Ujala, Hindustan, and Dainik Jagran. He has a special interest and expertise in reporting on political and social issues, news analysis, and editing, along with eventful news. He currently serves as an editor at Live VNS, a leading digital news platform in Varanasi. In this role, he is contributing to reshaping digital journalism and delivering important information to readers through factual and reliable news. Factual investigation of news and effective editing are key aspects of his journalism.

Share this story