काशी में चार शाम सुरों के नाम, गंगा महोत्सव में 20 से 23 नवंबर तक बहेगी संगीत, नृत्य और लोक संस्कृति की रसधार

WhatsApp Channel Join Now

कल्पना पटवारी, पद्मश्री पं. शिवनाथ मिश्र और कुमार सत्यम समेत देशभर के कलाकार देंगे प्रस्तुतियां

नमो घाट पर गंगा की लहरों के सानिध्य में शास्त्रीय संगीत, कथक, भरतनाट्यम, लोक गायन और भजन की अनूठी छटा बिखरेगी

वाराणसी। गंगा की अविरल धारा, घाटों की आध्यात्मिक आभा और सुरों की मधुर लहरियां...। इन सबका संगम एक बार फिर काशी को संगीत और संस्कृति के रंग में रंगने जा रहा है। नमो घाट पर 20 से 23 नवंबर तक आयोजित होने वाले काशी गंगा महोत्सव में चार शाम सुर, ताल और नृत्य की ऐसी महफिल सजेगी, जिसमें शास्त्रीय संगीत से लेकर लोक गायन, भजन, कथक और भरतनाट्यम तक की विविध रंगत देखने-सुनने को मिलेगी। देश के अलग-अलग हिस्सों से आए कलाकार अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से काशी की सांस्कृतिक विरासत को नई ऊंचाई देंगे।

महोत्सव का आगाज 20 नवंबर को शाम सात बजे डमरू और शंख दल के वादन से होगा। काशी की पहचान से जुड़े डमरू और शंख की गूंज के बीच सांस्कृतिक संध्या का माहौल बनेगा। इसके बाद राघव और प्राची की जोड़ी 'काशी भजन क्लबिंग' की प्रस्तुति देगी। बैकस्टेज सिबलिंग्स के साथ उनकी प्रस्तुति पारंपरिक भजनों को नए अंदाज में पेश करेगी। आध्यात्मिकता और आधुनिक संगीत का यह मेल युवाओं के साथ संगीत प्रेमियों के लिए खास आकर्षण रहेगा।

शास्त्रीय सुरों और कथक की सजेगी महफिल
21 नवंबर की शाम गायन और नृत्य की विविध प्रस्तुतियों के नाम रहेगी। अमलेश शुक्ला, आस्था शुक्ला, विकास मिश्र, वर्षा तिवारी, आदित्य सारस्वत, डॉ. श्वेता कुमारी और डॉ. ऋषि मिश्र अपनी गायकी से श्रोताओं को सुरों की दुनिया में ले जाएंगे। प्रियंका सहवाल और पं. जयंत खोत शास्त्रीय गायन की प्रस्तुति देंगे। वहीं सौरभ-गौरव मिश्र, सोनी सेठ, अदिति शर्मा और वर्षा मिश्रा कथक के माध्यम से भाव, लय और ताल का संगम प्रस्तुत करेंगे।

लोक संगीत के रंग भी इस शाम को खास बनाएंगे। वर्षा तिवारी और सुजीत तिवारी लोक गायन से माहौल में देसी मिठास घोलेंगे। नीरज मिश्र का त्रिशूल बैंड समूह वादन पेश करेगा, जबकि नीलेश और निकेश कुमार मलिक भजन गायन से भक्तिमय वातावरण बनाएंगे।

लोकधुनों से ब्रज की छटा तक
22 नवंबर को मंच पर लोक गायन, शास्त्रीय संगीत और नृत्य की कई विधाएं देखने को मिलेंगी। सरिता सेठ, अरुण कुमार मिश्र, डॉ. जान्हवी पाण्डेय और रंजना राय लोक गायन प्रस्तुत करेंगे। रविशंकर मिश्र और डॉ. ममता टंडन कथक की जुगलबंदी से दर्शकों को आकर्षित करेंगे। स्नेहा अवस्थी और अपर्णा यादव भजन गायन करेंगी, जबकि अवंतिका महाराज तबला वादन से ताल की बारीकियां सामने रखेंगी।

पं. अनूप मिश्र और आर्यन मिश्र शास्त्रीय युगल गायन प्रस्तुत करेंगे। रुद्र शंकर कथक और अंशुमान महाराज काशी रस वाद्य वृंद की प्रस्तुति देंगे। जगदीश्वर प्रिया लक्ष्मी लोक नृत्य से भारतीय परंपरा की झलक दिखाएंगी। सुरभि सिंह कथक तथा तृप्ति नागर और उनका समूह ब्रज लोकनृत्य एवं संगीत प्रस्तुत करेगा। इस शाम का खास आकर्षण लोक गायिका कल्पना पटवारी की प्रस्तुति होगी।


पद्मश्री पं. शिवनाथ मिश्र और कुमार सत्यम की प्रस्तुतियां
23 नवंबर की शाम भी संगीत प्रेमियों के लिए यादगार रहने वाली है। विशाल मिश्र (सागर), गौरव मिश्र, शेर सिंह राठौर और आशुतोष श्रीवास्तव लोक एवं भजन गायन से श्रोताओं को जोड़ेंगे। नम्रता मिश्र और पंकज कुमार मिश्र शास्त्रीय गायन प्रस्तुत करेंगे। सुहानी भट्टाचार्य भरतनाट्यम से मंच सजाएंगी।


इस दिन का प्रमुख आकर्षण पद्मश्री पं. शिवनाथ मिश्र की ताल वाद्य कचहरी होगी। खुशबू पांचाल कथक प्रस्तुत करेंगी, जबकि ब्रतति चौधुरी कथक, ओडिसी और भरतनाट्यम की प्रस्तुति देंगी। स्वाति आत्मनाथन एवं उनका समूह 'वाराणसी वर्णन' के माध्यम से भरतनाट्यम में काशी की सांस्कृतिक छवि उकेरेगा। अंतिम संध्या में कुमार सत्यम के भजन गायन से महोत्सव का माहौल भक्तिरस में सराबोर होगा।


चार दिन, संगीत की अनेक विधाएं
काशी गंगा महोत्सव की खासियत इसकी विविधता है। एक ही मंच पर शास्त्रीय और लोक संगीत, भजन, वाद्य वादन तथा देश की अलग-अलग नृत्य शैलियों का संगम देखने को मिलेगा। गंगा तट पर आयोजित यह उत्सव काशी की सांस्कृतिक पहचान को स्वर देने के साथ कलाकारों और संगीत प्रेमियों को एक साझा मंच भी उपलब्ध कराएगा।

BK Pathak
BK Pathak

21864 Articles

Beerkeshwar Pathak Journalist Beerkeshwar Pathak, who entered the field of journalism in 2015, has nearly a decade of experience in print and digital media. He holds a postgraduate diploma in journalism and has established his reputation through reporting at prestigious media outlets like Amar Ujala, Hindustan, and Dainik Jagran. He has a special interest and expertise in reporting on political and social issues, news analysis, and editing, along with eventful news. He currently serves as an editor at Live VNS, a leading digital news platform in Varanasi. In this role, he is contributing to reshaping digital journalism and delivering important information to readers through factual and reliable news. Factual investigation of news and effective editing are key aspects of his journalism.

Share this story