काशी में 1008 लड्डू-दूर्वा से बड़ा गणेश का सहस्रनाम पूजन, भव्य शृंगार व महाआरती हुई

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। लोहटिया स्थित भगवान बड़ा गणेश मंदिर का वार्षिक भव्य शृंगार महोत्सव श्रद्धा और विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर 1008 लड्डू और दूर्वा से भगवान गणेश का सहस्रनाम पूजन किया गया। पूजन-अर्चन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की और भगवान गणेश से सुख-समृद्धि की कामना की।

मंदिर के पुजारी पं. सुभाष तिवारी और पं. राजेश तिवारी ने बताया कि प्रातः काल भगवान बड़ा गणेश को विधिवत स्नान कराया गया। इसके उपरांत देशी घी से लेपन कर भगवान का भव्य, शालीन और दिव्य शृंगार किया गया। माता सिद्धि-सिद्धि को भी साड़ी पहनाकर आकर्षक रूप से सजाया गया। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच 1008 लड्डू-दूर्वा से भगवान गणेश का सहस्रनाम पूजन संपन्न कराया गया।

123

पूजन के दौरान भगवान गणेश को 56 प्रकार के भोग अर्पित किए गए और 108 दीपों से महाआरती की गई। मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा। सुबह और शाम दोनों समय विशेष पूजन कार्यक्रम आयोजित किए गए। शाम के समय मंदिर परिसर में देशी घी से दीप प्रज्वलित कर पुनः विधिवत आरती संपन्न हुई।

वैदिक ब्राह्मणों द्वारा वैदिक मंत्रों का पाठ किया गया। सुबह 6 से 7 बजे तक विशेष वैदिक अनुष्ठान हुए, जिसमें भगवान गणेश के विविध स्वरूपों का पूजन किया गया। वहीं, सायंकालीन आरती के पश्चात भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें कलाकारों ने गणपति बप्पा की महिमा का गुणगान किया।

महोत्सव में “जय गणेश देवा”, “अम्बे गौरी”, “गणपति बप्पा मोरया” जैसे भजनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। मंदिर परिसर भक्तों से खचाखच भरा रहा। भक्तों ने भगवान गणेश के दर्शन कर प्रसाद ग्रहण किया और मंगलकामनाएं कीं। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और आस्था देखने को मिली।

Share this story