दुर्गाकुंड में युवतियों-महिलाओं पर कसता था फब्तियां, करता था अश्लील हरकत, पहुंचा सलाखों के पीछे 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र के दुर्गाकुंड स्थित कबीरनगर इलाके में राह चलती लड़कियों और महिलाओं से अश्लील हरकत करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की लगातार हरकतों से क्षेत्र में छात्राओं और महिलाओं के बीच भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ था।

पुलिस के अनुसार, एक युवती ने शिकायत दर्ज कराई थी कि एक युवक आए दिन सड़क पर आने-जाने वाली लड़कियों और महिलाओं को देखकर अश्लील इशारे करता था और आपत्तिजनक टिप्पणियां करता था। उसकी इस हरकत से राहगीरों को असहज स्थिति का सामना करना पड़ रहा था और लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे थे।

शिकायत मिलते ही पुलिस और मिशन शक्ति टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपी की पहचान बृजेश पटेल, निवासी मिर्जामुराद के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए दुर्गाकुंड कबीरनगर क्षेत्र में छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है। शहर में ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की छेड़खानी, अभद्र व्यवहार या उत्पीड़न की शिकायत मिलने पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share this story