BHU में बाइक सवार हमलावरों ने पीछा कर युवक को मारा चाकू, मचा हड़कम्प

WhatsApp Channel Join Now

लालपुर-पांडयेपुर के शांतिपुरम कालोनी के विवेक दुबे की छात्रों ने बचाई जान

पत्नी के साथ विश्वनाथ मंदिर दर्शन कर बाइक से लौट रहे थे विवेक दुबे, छात्रों ने ट्रामा सेंटर में कराया भर्ती

वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग के सामने मुख्य मार्ग पर बुधवार की शाम पत्नी के साथ बाइक से आ रहे युवक विवेक दुबे को हमलावरों ने चाकू मार दिया। बाइक से पीछा करते आए हमलावरों ने उन्हें चाकू मारने के बाद दौड़ा लिया। इससे हड़कम्प मच गया। संयोग अच्छा था कि बीएचयू के छात्र जुट गये जिससे हमलावरों को भागना पड़ा। हमलावरों का इरादा जान से मारने का रहा लेकिन छात्रों की वजह से उनकी जान बच गई। घटना का कारण रंजिश बताई जा रही है। फिलहाल घायल विवेक दुबे को छात्रों ने बीएचयू ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार लालपुर-पांडेयपुर के शांतिपुरम कालोनी निवासी स्वामीनाथ दुबे के पुत्र विवेक दुबे अपनी पत्नी के साथ बाइक से पत्नी के साथ बीएचयू परिसर स्थित विश्वनाथ मंदिर दर्शन करने गये थे। दर्शन के बाद वह पत्नी के साथ बाइक से लौट रहे थे। तभी होंडा शाइन बाइक से तीन युवक पीछा करते आये और ओवरटेक कर उन्हें रोक लिया। इतने में एक युवक ने उनके पेट पर चाकू से वार कर दिया। इतने में विवेक बाइक समेत गिर पड़े। यह देख उनकी पत्नी चीखने-चिल्लाने लगीं।

हमलावर विवेक पर चाकू से और हमला करना चाहते थे तब तक विवेक उठकर भागने लगे। इसके बाद हमलावरों ने उन्हें दौड़ा लिया। इसी बीच बीएचयू के कई छात्र आ गये और उन्हें देखकर हमलावरों की हवा खराब हो गई। इसके बाद हमलावर भाग निकले। उधर, छात्र घायल विवेक दुबे को लेकर ट्रामा सेंटर गये और भर्ती कराया।

Share this story