खबर का असर: अस्सी घाट पर चला विशेष सफाई अभियान, गंगा किनारे से हटाया गया मलबा
रिपोर्ट : ओमकार नाथ
वाराणसी। अस्सी घाट स्थित सुलभ शौचालय के पश्चिम दिशा में गंगा किनारे फैली गंदगी और अव्यवस्था से स्थानीय निवासियों और सैलानियों को दुश्वारियां झेलनी पड़ रही थीं। आमजन की समस्या को देखते हुए Live VNS ने पिछले दिनों खबर प्रसारित की थी। खबर के बाद नगर निगम प्रशासन हरकत में आया। अधिकारियों ने इसे गंभीरता से लेते हुए सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। इसके बाद क्षेत्र में व्यापक स्तर पर सफाई कार्य शुरू कराया गया। इससे लोगों ने राहत महसूस की है।

गंगा में हालिया बाढ़ के बाद इस स्थान पर भारी मात्रा में मिट्टी, कूड़ा-कचरा और मलबा जमा हो गया था। इसके साथ ही स्थानीय लोगों और राहगीरों द्वारा लगातार कचरा फेंके जाने से स्थिति और अधिक गंभीर हो गई थी। गंदगी के कारण न केवल घाट की सुंदरता प्रभावित हो रही थी, बल्कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

नगर निगम की ओर से चलाए जा रहे विशेष सफाई अभियान के तहत अब तक तीन से चार ट्रैक्टर गंदगी और मलबा गंगा किनारे से हटाया जा चुका है। सफाई के दौरान बड़ी संख्या में शराब और बीयर की खाली बोतलें भी बरामद हुई हैं। इससे यह स्पष्ट हुआ है कि कुछ असामाजिक तत्व इस स्थान का उपयोग नशीले पदार्थों के सेवन के लिए कर रहे थे। स्थानीय नागरिकों ने इस संबंध में पहले भी कई बार शिकायत की थी, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं हो पा रही थी।

इस संबंध में मुख्य खाद्य एवं सफाई निरीक्षक आनंद ने बताया कि नगर निगम के उच्च अधिकारियों के निर्देश पर क्षेत्र में लगातार सफाई अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गंगा में आई बाढ़ के कारण यहां मिट्टी और गंदगी का अंबार लग गया था, जिसे हटाने का कार्य पिछले दो दिनों से निरंतर किया जा रहा है। अब तक कई ट्रैक्टर मलबा हटाया जा चुका है और जल्द ही पूरे क्षेत्र को पूरी तरह स्वच्छ कर दिया जाएगा।

सफाई अभियान में सफाई निरीक्षक अर्चना विश्वकर्मा, सफाई सुपरवाइजर बृजेंद्र पाठक, अनुजय सिंह, घनश्याम सिंह सहित सफाई कर्मचारी रामजी, गोलू, मटरू, राज, मनु, आशा, गुड्डू समेत अन्य कर्मचारी सक्रिय रूप से जुटे रहे।



