ओटीएस योजना का असर : तीन दिन में 276 भवन स्वामियों ने जमा किया 39.36 लाख संपत्तिकर
वाराणसी। नगर निगम की ओर से गृहकर, जलकर और सीवरकर के बकायेदारों के लिए शुरू की गई एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) का असर दिखाई देने लगा है। योजना शुरू होने के महज तीन दिनों में 276 भवन स्वामियों ने 39.36 लाख रुपये संपत्तिकर जमा किया है। वहीं, करदाताओं को ब्याज और सरचार्ज में 7.18 लाख रुपये की छूट का लाभ मिला है।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि ओटीएस योजना के तहत बकाया मूलधन का एकमुश्त भुगतान करने पर संबंधित भवन स्वामियों से वसूले जाने वाले ब्याज और सरचार्ज में 100 प्रतिशत छूट दी जा रही है। योजना 15 अगस्त से लागू है और 15 दिसंबर तक प्रभावी रहेगी। निगम प्रशासन ने अधिक से अधिक बकायेदारों से योजना का लाभ उठाकर अपना कर बकाया जमा करने की अपील की है।
एक लाख तक के बकायेदारों को किस्त की सुविधा
शासन के निर्देश पर नगर निगम ने छोटे और मध्यम करदाताओं को राहत देने के लिए किस्तों में भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध कराई है। इसके तहत एक लाख रुपये तक के बकायेदार अपनी कुल बकाया राशि का एक-तिहाई हिस्सा शुरुआती 30 दिनों के भीतर जमा कर सकते हैं।
इसके बाद शेष दो-तिहाई बकाया राशि को अगली दो समान मासिक किस्तों में जमा करने की सुविधा दी गई है। इस व्यवस्था से ऐसे करदाताओं को राहत मिलने की उम्मीद है, जो एकमुश्त बड़ी राशि जमा करने में सक्षम नहीं हैं।
करदाताओं को मिलेगा दोहरा लाभ
नगर निगम के अनुसार, ओटीएस योजना से करदाताओं को ब्याज और सरचार्ज में पूरी छूट का लाभ मिल रहा है। वहीं, किस्तों की सुविधा से छोटे और मध्यम बकायेदारों के लिए भुगतान करना आसान होगा। इससे एक ओर भवन स्वामियों को आर्थिक राहत मिलेगी, वहीं दूसरी ओर नगर निगम की कर वसूली में भी तेजी आने की उम्मीद है।
नगर निगम ने बकायेदार भवन स्वामियों से अपील की है कि वे 15 दिसंबर तक ओटीएस योजना का लाभ उठाकर अपने बकाये का निस्तारण कराएं, ताकि ब्याज और सरचार्ज में मिलने वाली 100 प्रतिशत छूट का लाभ लिया जा सके।

