काशी में चक्रवाती तूफान अकवान का असर, 21 नवंबर को बारिश का यलो अलर्ट, 4 से 6 डिग्री तक गिरेगा तापमान

WhatsApp Channel Join Now

बुधवार की रात सीजन की सबसे ठंडी रात रही, न्यूनतम तापमान 13.1 डिग्री पहुंचा, बारिश के बाद बढ़ेगी ठिठुरन, दिन और रात दोनों के तापमान में आएगी गिरावट

वाराणसी। काशी समेत पूर्वांचल में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान अकवान के प्रभाव से 21 नवंबर को वाराणसी समेत पूर्वांचल के 10 जिलों में बारिश होने की संभावना है। इस दौरान बिजली चमकने और बादल गरजने के भी आसार हैं। मौसम विभाग ने इसे लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम में बदलाव के बाद तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने का अनुमान है। इससे सुबह और रात के समय ठंड का असर बढ़ जाएगा।

बुधवार को वाराणसी में इस सीजन की अब तक की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान गिरकर 13.1 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो सामान्य से 1.2 डिग्री कम रहा। हालांकि, दिन में तेज धूप के चलते अधिकतम तापमान 30.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब एक डिग्री अधिक था। इस तरह दिन में धूप और रात में गिरते तापमान के कारण मौसम में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। रात 10 बजे के बाद तापमान 20 डिग्री से नीचे पहुंच गया। इस दौरान हवा की रफ्तार करीब 10 किलोमीटर प्रति घंटा रही।

123

21 और 22 नवंबर को बदलेगा मौसम
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डॉ. अतुल कुमार सिंह के अनुसार, 21 और 22 नवंबर को चक्रवाती तूफान अकवान का असर पूर्वांचल के मौसम पर पड़ सकता है। पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद ठंडी और शुष्क उत्तर-पश्चिमी हवाएं जोर पकड़ेंगी। वहीं, चक्रवात के प्रभाव से हवा की दिशा में बदलाव होने के कारण पूर्वांचल के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

मौसम में इस बदलाव के चलते अगले 72 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में दिन और रात के तापमान में करीब छह डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। तापमान सामान्य से नीचे जाने के आसार हैं। बारिश के बाद ठंडी हवाओं का प्रभाव बढ़ने से काशी में सर्दी का असर और तेज होगा।

कोहरे से राहत, लेकिन बढ़ेगी ठिठुरन
मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल घने कोहरे से राहत मिलने के संकेत हैं। हालांकि, बारिश और ठंडी उत्तर-पश्चिमी हवाओं के चलते सुबह और देर रात ठिठुरन बढ़ सकती है। बादल छाने और धूप कमजोर पड़ने से दिन के अधिकतम तापमान में भी गिरावट आने की संभावना है।

फिलहाल काशी में दिन और रात के तापमान में काफी अंतर बना हुआ है। दिन में तेज धूप के कारण गर्मी का अहसास हो रहा है, जबकि रात में तापमान तेजी से गिरने से ठंड बढ़ रही है। आगामी बारिश के बाद मौसम का मिजाज बदलने और सर्दी बढ़ने के आसार हैं। ऐसे में लोगों को बदलते मौसम के प्रति सतर्क रहने की जरूरत है।

BK Pathak
BK Pathak

21849 Articles

Beerkeshwar Pathak Journalist Beerkeshwar Pathak, who entered the field of journalism in 2015, has nearly a decade of experience in print and digital media. He holds a postgraduate diploma in journalism and has established his reputation through reporting at prestigious media outlets like Amar Ujala, Hindustan, and Dainik Jagran. He has a special interest and expertise in reporting on political and social issues, news analysis, and editing, along with eventful news. He currently serves as an editor at Live VNS, a leading digital news platform in Varanasi. In this role, he is contributing to reshaping digital journalism and delivering important information to readers through factual and reliable news. Factual investigation of news and effective editing are key aspects of his journalism.

Share this story